जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट पर विराम, सेंसेक्स 481 अंक उछला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 480 अंक से अधिक की तेजी रही। वैश्विक स्तर पर कुल मिलाकर मजबूत रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा इन्फोसिस में तेजी के साथ बाजार लाभ में रहा।
मुंबई, चार अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 480 अंक से अधिक की तेजी रही। वैश्विक स्तर पर कुल मिलाकर मजबूत रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा इन्फोसिस में तेजी के साथ बाजार लाभ में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 480.57 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,721.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 558.59 अंक तक उछल गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सजेंच का निफ्टी भी 135.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,517 अंक पर बंद हुआ।
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 438.95 अंक यानी 0.66 प्रतिशत और निफ्टी 129.05 अंक यानी 0.65 प्रतिशत के नुकसान में रहा है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘हाल की गिरावट के बाद बाजार ने थोड़ी राहत ली और आधा प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। बाजार में शुरुआत तेजी के साथ हुई। उसके बाद निफ्टी सीमित दायरे में रहा और अंत में 19,517 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘क्षेत्रवार मिला-जुला रुख रहा। आईटी, औषधि और बैंक लाभ में रहे...।’’
सेंसेक्स के शेयरों में इंडसइंड बैंक में सबसे ज्यादा 3.25 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा टेक महिंद्रा, विप्रो, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आरआईएल, टीसीएस, एलएंडटी तथा इन्फोसिस में प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, मारुति सुजकी, बजाज फिनसर्व, टाटा मोटर्स और पावरग्रिड 2.94 प्रतिशत तक नुकसान में रहे।
बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.66 प्रतिशत जबकि मिडकैप 0.65 प्रतिशत मजबूत हुआ।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मामूली रूप से नुकसान में रहे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 317.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 04, 2023 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

