एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन से जारी तेजी पर विराम, सेंसेक्स 181 अंक टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से जारी तेजी पर बृहस्पतिवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 181 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। मुख्य रूप से सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में बिकवाली से बाजार में गिरावट रही।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन से जारी तेजी पर विराम, सेंसेक्स 181 अंक टूटा

मुंबई, 24 अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से जारी तेजी पर बृहस्पतिवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 181 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। मुख्य रूप से सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में बिकवाली से बाजार में गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए 180.96 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65,252.34 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 65,913.77 अंक तक गया और नीचे में 65,181.94 अंक तक आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 57.30 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,386.70 अंक पर बंद हुआ।

अमेरिकी बाजार में बुधवार रात तेजी और एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बाद सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ खुले। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पेट्रोलियम और बैंक शेयरों में बिकवाली से दोनों सूचकांक नुकसान में आ गये।

कोटक सिक्योरिटीज लि. के खुदरा शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘शुरुआती कारोबार में बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। उसके बाद सीमित दायरे में रहते हुए इसमें गिरावट आई। अंत में यह नुकसान के साथ बंद हुआ। इसका कारण निवेशक अनिश्चित वैश्विक आर्थिक परिवेश में कोई बड़ा जोखिम लेने से बच रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘निवेशक वैश्विक बाजारों के रुख के आधार पर कदम उठाना जारी रखेंगे...।’’

सेंसेक्स के शेयरों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे ज्यादा 4.99 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एनटीपीसी, टाटा स्टील, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक भी नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले और एक्सिस बैंक शमिल हैं।

बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.21 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक 0.11 प्रतिशत के लाभ में रहे।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में रहा।

यूरोप के बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त में रहे थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने 614.32 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83.29 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

रमण अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 24, 2023 06:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).