एजेंसी न्यूज

कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति को ले जा रही टीम पर पथराव : मुख्यमंत्री ने दिये रासुका लगाने के आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति को ले जा रही टीम पर पथराव : मुख्यमंत्री ने दिये रासुका लगाने के आदेश
जमात

मुरादाबाद/लखनऊ, 15 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति को पृथकवास में रखने के लिए ले जाने आई एक मेडिकल टीम पर लोगों के पथराव में 4 लोग जख्मी हो गए। इस मामले में सात महिलाओं समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुरादाबाद के नवाबपुरा क्षेत्र में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति को पृथक केंद्र ले जाने के लिए आई एक मेडिकल टीम और उसकी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों पर कुछ लोगों ने पथराव किया। इस वारदात में एक डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ के तीन लोग जख्मी हो गए।

इस मामले में मुरादाबाद के नागफनी थाने में मुकदमा दर्ज करके 7 महिलाओं समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमलावर लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्यवाही करने के आदेश देते हुए कहा कि पथराव में हुए सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई इन आरोपियों से की जाए।

मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मिलिंद गर्ग ने बताया कि एक मेडिकल टीम कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति को लेकर जा रही थी। तभी अचानक आई भीड़ ने एंबुलेंस पर पथराव कर दिया। वे कोरोना वायरस संक्रमित उस व्यक्ति को ले जाने से रोक रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2020 11:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).