जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स फिर से 74,000 की तरफ बढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच धातु और जिंस शेयरों में खरीदारी आने से बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त में रहे और दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी चढ़कर बंद हुए।
मुंबई, 24 अप्रैल वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच धातु और जिंस शेयरों में खरीदारी आने से बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त में रहे और दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी चढ़कर बंद हुए।
हालांकि विश्लेषकों ने कहा कि दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली होने से इस तेजी पर काफी हद तक लगाम लग गई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 114.49 अंक यानी 0.16 प्रतिशत चढ़कर 73,852.94 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 383.16 अंक उछलकर 74,121.61 अंक पर भी पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 34.40 अंक यानी 0.15 प्रतिशत बढ़कर 22,402.40 अंक पर पहुंच गया।
कारोबारी सत्र के अंतिम दौर में सूचकांकों पर कुछ बिकवाली का दबाव देखा गया जिससे कुछ शुरुआती बढ़त कम हो गई।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "आईटी और कुछ अन्य दिग्गज कंपनियों के अपेक्षाकृत कमजोर नतीजों से भारतीय बाजार में थोड़ी निराशा है। इसके बावजूद विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के दमदार प्रदर्शन से मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में कुछ तेजी दिख रही है।"
अप्रैल में विनिर्माण और सेवा क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों को गति देते हुए नजर आ रहे हैं। खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) आंकड़ा अप्रैल में बढ़कर 62.2 पर पहुंच गया जबकि मार्च अंत में यह 61.8 पर रहा था।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं।
दूसरी तरफ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाइटन के शेयरों में गिरावट रही।
बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.79 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक 0.92 प्रतिशत चढ़ गया।
क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड में सर्वाधिक 2.83 प्रतिशत की तेजी देखी गई जबकि जिंस खंड में 1.62 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 1.13 प्रतिशत की बढ़त रही।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, "पश्चिम एशिया का तनाव शिथिल पड़ता देख वैश्विक बाजारों में सकारात्मक धारणा हावी रही। अब निवेशकों की नजरें तिमाही नजीजों पर टिकी हैं।"
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोप के ज्यादातर बाजार चढ़कर कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत गिरकर 88.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,044.54 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
मंगलवार को सेंसेक्स 89.83 अंक बढ़कर 73,738.45 और निफ्टी 31.60 अंक की बढ़त के साथ 22,368 अंक पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2024 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

