एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 400 अंक लुढ़का

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजारों में बिकवाली दबाव के कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच निवेशकों के जोखिम लेने से बचने के साथ बीएसई सेंसेक्स 400 अंक लुढ़क कर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 400 अंक लुढ़का

मुंबई, 17 फरवरी शेयर बाजारों में बिकवाली दबाव के कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच निवेशकों के जोखिम लेने से बचने के साथ बीएसई सेंसेक्स 400 अंक लुढ़क कर बंद हुआ।

कारोबारियों के अनुसार वित्त, आईटी और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) में बिकवाली दबाव देखा गया। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की विनियम दर में गिरावट का भी निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 400.34 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 51,703.83 अंक पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 104.55 अंक यानी 0.68 प्रतिशत टूटकर 15,208.90 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान मे नेस्ले इंडिया रही। इसमें 2.80 प्रतिशत की गिरावट आयी। इसके अलावा जिन अन्य शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी, उनमें बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक, मारुति, एचडीएफसी लि., एचडीएफसी बैंक और डा. रेड्डीज शामिल हैं।

सेंसेक्स में आधे से अधिक नुकसान का कारण एचडीएफसी लि. और एडचएफसी बैंक दोनों में गिरावट रही।

दूसरी तरफ भारतीय स्टेट बैंक, पावरग्रिड, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज ऑटो में तेजी रही। इनमें 2.39 प्रतिशत तक की तेजी आयी।

अमेरिकी ट्रेजरी पर रिटर्न बढ़ने और अधिक मूल्यांकन को लेकर चिंता के बीच वैश्विक बाजारों में गिरावट रही।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति मामलों के प्रमुख विनोद मोदी के अनुसार कमजोर वैश्विक रुख के बीच घरेलू बाजार में बिकवाली की गयी।

उन्होंने कहा, ‘‘आईटी, औषधि और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) खंड में मुनाफावसूली देखी गयी। वहीं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में निवेशकों की रूचि लगातार बनी हुई। पीएसयू बैंक सूचकांक में 6 प्रतिशत से अधिक की तेजी आयी।’’

इसके अलावा खासकर उच्च पूंजी व्यय से लाभान्वित होने वाले मझोली और लघु कंपनियों के बेहतर आय की उम्मीद में इनमें निवेशकों का आकर्षण बना हुआ है।

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग में तेजी रही जबकि जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कोस्पी नुकसान में रहे।

भारतीय समयानुसार दोपहर बाद खुले यूरोपीय बाजार शुरूआती कारोबार में नुकसान में चल रहे थे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63.71 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 5 पैसे की गिरावट के साथ 72.74 रही।

शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़े के अनुसार विदेशी निवेश शुद्ध लिवाल बने हुए हैं। उन्होंने मंगलवार को 1,144.09 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2021 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).