जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स, निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा और दोनों प्रमुख सूचकांक... सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के नए उच्च स्तर पर पहुंच गए। वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने से बाजार में तेजी रही।
मुंबई, 15 सितंबर घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा और दोनों प्रमुख सूचकांक... सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के नए उच्च स्तर पर पहुंच गए। वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने से बाजार में तेजी रही।
कारोबारियों ने कहा कि दूरसंचार, वाहन एवं प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से बाजार एक और दिन बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स में लगातार 11वें दिन तेजी रही। सेंसेक्स 319.63 अंक यानी 0.47 प्रतिशत उछलकर 67,838.63 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 408.23 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 67,927.23 पर पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 89.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 20,192.35 के अपने नए शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 20,222.45 के रिकॉर्ड स्तर तक गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से भारती एयरटेल में सर्वाधिक 2.37 प्रतिशत की बढ़त रही। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एक्सिस बैंक और नेस्ले भी बढ़त के साथ बंद हुए।
दूसरी तरफ एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहा।
यूरोपीय शेयर बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजारों में बढ़त रही थी।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "मजबूत त्योहारी मांग और मजबूत सौदों की उम्मीद में वाहन और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में नए सिरे से खरीदारी आने से बाजार एक नई दिशा में जाता दिख रहा है। चीन के उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़ों एवं प्रोत्साहन पैकेज की उम्मीद ने वैश्विक बाजारों में उम्मीद को बढ़ा दिया है।"
नायर के मुताबिक, जहां यूरोपीय सेंट्रल बैंक ने घटती मुद्रास्फीति के कारण नीतिगत दरों में ठहराव का संकेत दिया है वहीं निवेशकों को अब अमेरिका, ब्रिटेन एवं जापान के केंद्रीय बैंकों की नीतिगत घोषणाओं का इंतजार है।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत चढ़कर 93.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों से पता चलता है कि विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) एक बार फिर खरीदार बन गए हैं। विदेशी निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 294.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2023 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

