जरुरी जानकारी | रिकार्ड ऊंचाई से फिसला शेयर बाजार, सेंसेक्स 284 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दो दिन की तेजी के बाद स्थानीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसल गया। अमेरिका तथा यूरोपीय बाजारों में गिरावट के बीच वित्तीय, आईटी तथा पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 284 अंक से अधिक नुकसान में रहा।
मुंबई, 22 जून दो दिन की तेजी के बाद स्थानीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसल गया। अमेरिका तथा यूरोपीय बाजारों में गिरावट के बीच वित्तीय, आईटी तथा पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 284 अंक से अधिक नुकसान में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 284.26 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63,238.89 अंक पर बंद हुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। कारोबार के दौरान एक समय यह 63,601.71 अंक तक चला गया था। लेकिन बाद में यह 322.52 अंक तक नीचे आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 85.60 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,771.25 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, एनटीपीसी, इन्फोसिस, नेस्ले, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, एचडीएफसी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘वैश्विक नजरिये से फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के समक्ष कल के बयान से बाजार में धारणा कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति को दो प्रतिशत पर वापस लाने में लंबा समय लगेगा। इससे संकेत मिलता है कि नीतिगत दर में दो और वृद्धि की जा सकती है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में भी बुधवार को गिरावट रही।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.05 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 4,013.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बुधवार को 195.45 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 63,523.15 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 40.15 अंक की बढ़त के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 18,856.85 अंक पर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 22, 2023 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

