जरुरी जानकारी | शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसला, सेंसेक्स 216 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख पाया और गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच दूरसंचार, बिजली और अन्य शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 19 जून स्थानीय शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख पाया और गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच दूरसंचार, बिजली और अन्य शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
कारोबारियों के अनुसार, निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक जैसे शेयरों में भी तेज बिकवाली हुई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 216.28 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63,168.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 336.75 अंक तक लुढ़क गया था।
शुक्रवार को सेंसेक्स 466.95 अंक उछलकर 63,384.58 अंक के अबतक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 137.90 अंक चढ़कर रिकार्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था।
कारोबारियों के अनुसार, खासकर दोपहर के कारोबार में तेज बिकवाली से सेंसेक्स रिकॉर्ड स्तर से फिसल गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 70.55 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,755.45 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘मुख्य रूप से निजी क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में मुनाफावसूली से घरेलू शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर से नीचे आया। पिछले सप्ताह जोरदार तेजी के बाद वैश्विक बाजार में भी हल्की सुस्ती रही...।’’
सेंसेक्स के शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा 1.83 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडसइंड बैंक और नेस्ले भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी और आईटीसी शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.31 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 794.78 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2023 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

