एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 535 अंक चढ़ा, निफ्टी नए शिखर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सूचना प्रौद्योगिकी, वाहन और प्रौद्योगिकी शेयरों में लिवाली के जोर से बृहस्पतिवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में फिर से तेजी लौट आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 535 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी ने अपना अबतक का उच्चतम स्तर हासिल कर लिया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 535 अंक चढ़ा, निफ्टी नए शिखर पर

मुंबई, 22 फरवरी सूचना प्रौद्योगिकी, वाहन और प्रौद्योगिकी शेयरों में लिवाली के जोर से बृहस्पतिवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में फिर से तेजी लौट आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 535 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी ने अपना अबतक का उच्चतम स्तर हासिल कर लिया।

हालांकि, बाजार में कारोबार की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही थी लेकिन सत्र के दूसरे हिस्से में इसने जोरदार वापसी की। खासकर आखिरी घंटे में चुनिंदा खंडों में भारी खरीदारी होने से बाजार चढ़ने में सफल रहा।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के अंत में 535.15 अंक यानी 0.74 प्रतिशत बढ़कर 73,158.24 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 73,256.39 अंक का ऊपरी स्तर भी छुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 162.40 अंक यानी 0.74 प्रतिशत चढ़कर 22,217.45 अंक पर पहुंच गया। यह निफ्टी का अबतक का उच्चतम बंद स्तर है। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 22,252.50 अंक के नए सर्वकालिक उच्चस्तर को भी छुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक ने सर्वाधिक 3.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसके अलावा आईटीसी, एमएंडएम और टीसीएस में भी तेजी देखी गई। टेक महिंद्रा, विप्रो, एलएंडटी और मारुति के शेयर भी बढ़त लेकर बंद हुए।

दूसरी तरफ, सभी बैंकिंग शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इंडसइंड बैंक में 1.87 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 1.28 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.11 प्रतिशत और एसबीआई में 0.73 प्रतिशत की गिरावट रही।

इनके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के शेयर भी नुकसान के साथ बंद हुए।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज में शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘यूरो क्षेत्र के सकारात्मक पीएमआई आंकड़ों और अमेरिकी प्रौद्योगिकी शेयरों की प्रभावशाली आय रिपोर्ट से उत्साहित घरेलू बाजार ने दिन के निचले स्तर से वापसी की। फरवरी में भारत की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार जारी रहने से व्यापक बाजार में जुझारूपन दिखा।’’

व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.92 प्रतिशत, लार्जकैप 0.81 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.54 प्रतिशत चढ़ गया।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की अपने अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी तेज बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय शेयर भी ज्यादातर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व की जनवरी की बैठक का ब्योरा आने के बाद अमेरिकी बाजार ज्यादातर ऊंचे स्तर पर बंद हुए थे।

बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी छह दिन की तेजी के बाद गिरावट पर रहे थे। सेंसेक्स 434.31 अंक गिरकर 72,623.09 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 141.90 अंक गिरकर 22,055.05 अंक पर रहा था।

विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 284.66 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2024 05:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).