जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 128 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 128 अंक की बढ़त में रहा। अप्रैल में जीएसटी संग्रह के रिकॉर्ड स्तर, विनिर्माण के आंकड़े सकारात्मक रहने और विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
मुंबई, दो मई घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 128 अंक की बढ़त में रहा। अप्रैल में जीएसटी संग्रह के रिकॉर्ड स्तर, विनिर्माण के आंकड़े सकारात्मक रहने और विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 128.33 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,611.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 329.65 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 43.35 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,648.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में पावरग्रिड, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, एनटीपीसी, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और जेएसडब्ल्यू स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, विप्रो, आईसीआईसीआई बैंक और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सकल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह अप्रैल में सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत बढ़कर 2.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। घरेलू लेनदेन तथा आयात में मजबूत वृद्धि से यह संग्रह बढ़ा है।
यह पहला मौका है जब किसी महीने में जीएसटी का संग्रह दो लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।
वहीं देश के विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधियां अप्रैल में धीमी रहीं लेकिन फिर भी बढ़ती मांग से मिले समर्थन से परिचालन स्थितियों में साढ़े तीन साल में दूसरा सबसे तेज सुधार दर्ज किया गया।
मौसमी रूप से समायोजित ‘एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक’ (पीएमआई) अप्रैल में घटकर 58.8 हो गया जो मार्च में 59.1 था। यह साढ़े तीन साल में क्षेत्र की सेहत में दूसरे सबसे अच्छे सुधार का संकेत है।
पीएमआई के तहत 50 से ऊपर सूचकांक होने का मतलब उत्पादन गतिविधियों में विस्तार से है जबकि 50 से नीचे का आंकड़ा गिरावट को दर्शाता है।
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में बुधवार को मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट में बुधवार को मिला-जुला रुख था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.02 प्रतिशत बढ़कर 84.29 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,071.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को ‘महाराष्ट्र दिवस’ के मौके पर बंद थे।
बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 188.50 अंक नुकसान में रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 38.55 अंक नीचे आया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2024 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

