जरुरी जानकारी | शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवाया, सेंसेक्स 129 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई और विविध कारोबार में सक्रिय आईटीसी के अच्छे तिमाही नतीजों के बावजूद मुनाफावसूली हावी होने से बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजारों के दोनों मानक सूचकांक लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, 18 मई देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई और विविध कारोबार में सक्रिय आईटीसी के अच्छे तिमाही नतीजों के बावजूद मुनाफावसूली हावी होने से बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजारों के दोनों मानक सूचकांक लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
हालांकि, बाजार में अधिकांश समय तक बढ़त की स्थिति रही लेकिन अंतिम घंटे में चुनिंदा शेयरों में बिकवाली का जोर रहने से सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 128.90 अंक यानी 0.21 प्रतिशत गिरकर 61,431.74 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 61,955.90 अंक के उच्चस्तर तक गया और 61,349.34 अंक के निचले स्तर तक आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 51.80 अंक यानी 0.28 प्रतिशत गिरकर 18,129.95 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), टाइटन, पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
इनमें खासतौर से आईटीसी और एसबीआई की गिरावट अहम है। आईटीसी का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 22.66 प्रतिशत बढ़ गया लेकिन निवेशकों की बिकवाली से इसका शेयर दो प्रतिशत गिर गया। इसी तरह मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ में 83 प्रतिशत वृद्धि दर्ज करने वाले एसबीआई का शेयर भी 1.77 प्रतिशत गिर गया।
दूसरी तरफ, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाभ में रहे।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग चढ़कर बंद हुए।
यूरोपीय बाजार भी दोपहर में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। एक दिन पहले अमेरिकी बाजारों में भी बढ़त दर्ज की गई थी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के साप्ताहिक निपटान के दिन बाजारों में उतार-चढ़ाव रहा और सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा चुनिंदा शेयरों में मुनाफावसूली से भी दबाव देखा गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रखा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बुधवार को 149.33 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत गिरावट के साथ 76.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2023 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

