एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 220 अंक और टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 220 अंक के नुकसान में रहा। निवेशकों ने लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले अनिश्चितता के बीच मुनाफावसूली को तरजीह दी।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 220 अंक और टूटा

मुंबई, 28 मई उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 220 अंक के नुकसान में रहा। निवेशकों ने लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले अनिश्चितता के बीच मुनाफावसूली को तरजीह दी।

लाभ और नुकसान के बीच घूमते हुए तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 220.05 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,170.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 75,585.40 अंक तक गया जबकि नीचे में 75,083.22 अंक तक आया।

पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। इसके बावजूद अंत में यह 44.30 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,888.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स कंपनियों में पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, विप्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘हाल में तेजी के बाद भारतीय बाजार में हल्की गिरावट देखने को मिली है। अनिश्चितता को लेकर उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसका कारण चुनाव परिणाम का समय करीब आ रहा है।’’

कुछ वाहनों, बैंक तथा आईटी शेयरों में तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को कारोबार के दौरान रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे थे। हालांकि, बाद में निवेशकों की मुनाफावसूली से दोनों मानक सूचकांक नुकसान में बंद हुए थे।

विश्लेषकों के अनुसार, मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा जबकि औषधि और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी रही।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का नक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार में सोमवार को अवकाश था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83.21 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 541.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 19.89 और एनएसई निफ्टी 24.65 अंक नुकसान में रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2024 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).