जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 271 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 271 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 19 मई स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 271 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 271.17 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,059.42 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 366.02 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 74.35 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,945.45 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक और अदाणी पोर्ट्स नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘एशियाई और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के बीच निवेशकों ने आईटी, पूंजीगत सामान और तेल एवं गैस शेयरों में मुनाफावसूली की। इससे कारोबार के दौरान ज्यादातर समय बाजार नुकसान में रहा।’’
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.14 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 8,831.05 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
शुक्रवार को सेंसेक्स 200.15 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी में 42.30 अंक की गिरावट रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2025 04:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

