एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 548 अंक और लुढ़का

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और बीएसई सेंसेक्स 548 अंक लुढ़क गया। अमेरिकी के शुल्क लगाने की चेतावनी से निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है और बैंक, धातु तथा पेट्रोलियम शेयरों में बिकवाली हुई।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 548 अंक और लुढ़का

मुंबई, 10 फरवरी स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और बीएसई सेंसेक्स 548 अंक लुढ़क गया। अमेरिकी के शुल्क लगाने की चेतावनी से निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है और बैंक, धातु तथा पेट्रोलियम शेयरों में बिकवाली हुई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 548.39 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ सप्ताह के निचले स्तर 77,311.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 753.3 अंक तक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 178.35 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,381.60 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका की शुल्क लगाने की चेतावनी का बाजार धारणा पर असर जारी है...निवेशक सतर्क रुख अपनाते हुए अपना निवेश सोने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले उत्पादों में लगा रहे हैं।’’

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से पावर ग्रिड, टाटा स्टील, जोमैटो, टाइटन, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।

सेंसेक्स पांच फरवरी से चार कारोबारी सत्रों में 1,272 अंक और निफ्टी 357 अंक नीचे आ चुके हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बंद थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 470.39 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत चढ़कर 75.44 डॉलर प्रति बैरल रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 10, 2025 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).