एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया संकट से शेयर बाजार सतर्क, सेंसेक्स 213 अंक फिसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ईरान-इजराइल संघर्ष तेज होने से निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने और धातु एवं तेल-गैस शेयरों में मुनाफावसूली होने से मंगलवार को स्थानीय शेयर बाजार गिर गए। सेंसेक्स 213 अंक जबकि निफ्टी 93 अंक नुकसान में रहा।

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया संकट से शेयर बाजार सतर्क, सेंसेक्स 213 अंक फिसला

मुंबई, 17 जून ईरान-इजराइल संघर्ष तेज होने से निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने और धातु एवं तेल-गैस शेयरों में मुनाफावसूली होने से मंगलवार को स्थानीय शेयर बाजार गिर गए। सेंसेक्स 213 अंक जबकि निफ्टी 93 अंक नुकसान में रहा।

विश्लेशकों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और इस सप्ताह के अंत में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर आने वाले फैसले को लेकर भी निवेशकों ने इंतजार की रणनीति अपनानी बेहतर समझी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 212.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत गिरकर 81,583.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 369.14 अंक टूटकर 81,427.01 अंक पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 93.10 अंक यानी 0.37 प्रतिशत गिरकर 24,853.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा को सर्वाधिक 2.18 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा इटर्नल, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और बजाज फिनसर्व में भी गिरावट रही।

दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज होने से जोखिम बढ़ने के बीच घरेलू सूचकांकों में मध्यम गिरावट रही। अनिश्चितता के माहौल में कच्चे तेल का दाम चढ़ गया जो भारत के लिहाज से प्रतिकूल स्थिति है।"

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.67 प्रतिशत नुकसान में रहा जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सूचकांक 0.56 प्रतिशत नीचे आया।

क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड 1.29 प्रतिशत के नुकसान में रहा जबकि सेवा खंड में 1.09 प्रतिशत और तेल एवं गैस खंड में 0.92 प्रतिशत की गिरावट रही।

बीएसई पर सूचीबद्ध 2,483 कंपनियां नकारात्मक दायरे में बंद हुईं जबकि 1,496 शेयरों में तेजी रही और 139 अन्य अपरिवर्तित रहे।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की सूचकांक बढ़त पर रहे जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरकर बंद हुए।

यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।

ईरान-इजराइल संघर्ष तेज होने के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.69 प्रतिशत बढ़कर 74.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,539.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,780.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 677.55 अंक उछलकर 81,796.15 और एनएसई निफ्टी 227.90 अंक चढ़कर 24,946.50 अंक पर बंद हुआ था।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).