एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार लगभग स्थिर, सेंसेक्स में 29 अंक की मामूली गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 29 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बुधवार को जारी होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार लगभग स्थिर, सेंसेक्स में 29 अंक की मामूली गिरावट

मुंबई, 25 जुलाई उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 29 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बुधवार को जारी होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी तथा कच्चे तेल की कीमतों के उच्चस्तर पर पहुंचने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 29.07 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 66,355.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 66,559.29 अंक तक गया और नीचे में 66,177.62 अंक तक आया।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8.25 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 19,680.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 19,729.35 से 19,615.95 अंक के दायरे में रहा।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति घोषणा से पहले घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में रहे। चीन की रियल्टी क्षेत्र को समर्थन देने की नीति को लेकर प्रतिबद्धता से धातु शेयरों में तेजी रही। जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के शेयर परिचालन मार्जिन बेहतर रहने की उम्मीद में मजबूत हुए।’’

नायर ने कहा कि दोनों मानक सूचकांकों...सेंसेक्स और निफ्टी...के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद पिछले दो सत्रों में शेयर बाजार में गिरावट आई। इसका कारण कुछ प्रमुख कंपनियों का तिमाही वित्तीय परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं रहना, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और डॉलर की मजबूती है।

सेंसेक्स के शेयरों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इनमें 3.33 प्रतिशत तक की तेजी रही।

दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, आईटीसी, एलएंडटी और एसबीआई शामिल हैं। इनमें 3.95 प्रतिशत तक की गिरावट रही।

बीएसई मिडकैप 0.39 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 0.31 प्रतिशत मजबूत हुए।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘निफ्टी लगातार तीसरे दिन दबाव रहा... अंत में यह मामूली बढ़त के साथ 19,681 के स्तर पर रहा। क्षेत्रवार देखा जाए तो मिला-जुला रुख रहा। धातु, वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान में लिवाली देखी गयी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले बाजार में सतर्क रुख बना रहेगा। ऐसी संभावना है कि फेडरल रिजर्व बुधवार को मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि करेगा।’’

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट मजबूत रहे, जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी बाजार सोमवार को कुल मिलाकर बढ़त में रहे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.59 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे। उन्होंने 82.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2023 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).