एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बांके बिहारी मंदिर हादसे के लिये राज्य सरकार जिम्मेदार : अखिलेश यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए जन्माष्टमी की रात बांके बिहारी मंदिर में हुए हादसे के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया।

देश की खबरें | बांके बिहारी मंदिर हादसे के लिये राज्य सरकार जिम्मेदार : अखिलेश यादव

मथुरा (उत्तर प्रदेश), 28 अगस्त समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए जन्माष्टमी की रात बांके बिहारी मंदिर में हुए हादसे के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया।

यादव ने रंगजी मंदिर में दर्शन करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि जन्माष्टमी का पर्व तो समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में भी धूमधाम से मनाया जाता रहा था, मगर तब ऐसे हादसे नहीं होते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में यह हादसा हुआ है, लिहाजा इसके लिए यह सरकार ही जिम्मेदार है।

सपा प्रमुख ने जन्माष्टमी के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा पहुंचने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘जब मुख्यमंत्री को पता है कि इस मौके पर मथुरा में देश भर के कृष्णभक्तों का हुजूम उमड़ता है तो उन्हें कई घण्टों तक वहां रहने की जरूरत ही क्या थी। वह वहां जमे रहे, इसीलिए जो पुलिस बल लोगों को संभालने में लगाया जाना था, वह मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए लगा रहा। ऐसे में जरूरत के स्थानों पर कमी तो होनी ही थी। तभी बांके बिहारी मंदिर में यह हादसा हुआ।’’

गौरतलब है कि 12 अगस्त को जन्माष्टमी के मौके पर बांके बिहारी मंदिर में आरती के दौरान मची भगदड़ में दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गयी थी तथा कई अन्य घायल हो गये।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बांकेबिहारी मंदिर के हादसे के बाद वृन्दावन में भी वाराणसी के काशी-विश्वनाथ मंदिर के समान ही कॉरिडोर बनाए जाने की चर्चा पर कहा कि वृन्दावन के प्राचीन स्वरूप से बिल्कुल भी छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। यादव ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा नीत सरकार ब्रज का विकास करने के बजाय विनाश कर रही है। भ्रष्टाचार के चलते यहां सिर्फ कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने का काम किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने आम आदमी की सुविधा का ध्यान रखते हुए विकास कार्य कराए थे, लेकिन भाजपा लोगों को कष्ट देकर विकास कार्य करा रही है। भाजपा सरकार ने असंख्य लोगों को बेरोजगार कर दिया है।’’

सपा प्रमुख ने कहा ''जब अगला चुनाव हो तो जनता हमें वोट दे और भाजपा के उन वादों को याद रखे, जो उन्होंने पूरे नहीं किए।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2022 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).