देश की खबरें | प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने हम्पी सामूहिक दुष्कर्म को लेकर कर्नाटक सरकार की निंदा की

बेंगलुरु, आठ मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शनिवार को कोप्पल जिले में एक विदेशी नागरिक सहित दो महिलाओं से ‘बलात्कार’ को लेकर कर्नाटक सरकार की आलोचना की।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि राज्य भर में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि के बावजूद सरकार राज्य के लोगों की पीड़ा को लेकर ‘भ्रमित और उदासीन’ है।

‘एक्स’ पर घटना से जुड़ी खबर साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘तुंगभद्रा नहर के पास कथित तौर पर दो महिलाओं (एक विदेशी नागरिक और एक कोप्पल जिले की होमस्टे की मालकिन) से बलात्कार की भयावह घटना के बारे में सुनना बेहद परेशान करने वाला है। अपराधी अब दंड और परिणामों की परवाह किए बिना वारदात को अंजाम दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि अपराधियों ने वारदात को हम्पी उत्सव के तुरंत बाद अंजाम दिया। यह उत्सव विजयनगर साम्राज्य की भव्य विरासत के सम्मान में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य के गौरवशाली अतीत और इसकी वर्तमान अराजकता के बीच का अंतर वास्तव में निराशाजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शासन और सार्वजनिक सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय गृह मंत्री जी परमेश्वर और मंत्रिमंडल के बाकी लोग नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बजाय रात्रिभोज और पार्टियों की मेजबानी में अधिक व्यस्त दिखते हैं।

पुलिस के अनुसार, हम्पी के पास बृहस्पतिवार की रात 27 वर्षीय इजराइली पर्यटक समेत दो महिलाओं से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया और उन पर हमला किया गया।

महिलाओं के साथ मौजूद तीन पुरुष पर्यटकों पर भी हमला किया गया और उन्हें नहर में धकेल दिया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई।

पुलिस ने तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया है और तीसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)