मेरे नामांकन को नजरअंदाज करना राज्य भाजपा गिरोह की साजिश : खडसे
उल्लेखनीय है कि भाजपा खडसे से 2016 से ही दूरी बनाकर रख रही है तब उन्हें तत्कालीन देवेंद्र फडणवीस सरकार से भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था।
मुंबई, 12 मई भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए 21 मई को होने वाले चुनाव में पार्टी द्वारा उनके नामांकन पर विचार नहीं किए जाने से नाराज हैं। उन्होंने मंगलवार को इसे कुछ नेताओं की साजिश करार दिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल पर निशाना साधा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा खडसे से 2016 से ही दूरी बनाकर रख रही है तब उन्हें तत्कालीन देवेंद्र फडणवीस सरकार से भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था।
महाराष्ट्र विधानसभा के लिए अक्टूबर 2019 में हुए चुनाव में भी पार्टी ने खडसे को उनके गृहजिला जलगांव के मुक्तियानगर से टिकट देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, खडसे की जगह उनकी बेटी को टिकट दिया गया था लेकिन शिवसेना के बागी से उन्हें हार मिली।
अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे खडसे को उम्मीद थी कि पार्टी 21 मई को विधान परिषद की नौ सीटों के लिए होने वाले चुनाव में उन्हें प्रत्याशी बनाएगी। इस चुनाव में भाजपा ने चार प्रत्याशी उतारे हैं।
हालांकि, भाजपा ने खडसे के अलावा पंकजा मुंडे, विनोद तावडे और चंद्रशेखर बवानकुले जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी टिकट नहीं दिया है। इन्हें पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का विरोधी माना जाता है।
खडसे ने कहा, ‘‘यह प्रदेश के चार-पांच नेताओं द्वारा मेरे जैसे लोगों के खिलाफ साजिश है जिसने अपने 40 साल पार्टी को दिए हैं। वे केंद्रीय नेतृत्व को भ्रमित कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

