एजेंसी न्यूज

श्रीलंका ने आंशिक छूट देकर लॉकडाउन खत्म करने की शुरुआत की

आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने कहा कि श्रीलंका में कोरोना वायरस की महामारी काफी हद तक नियंत्रण में आने के बाद धीरे-धीरे कर्फ्यू में ढील देने की शुरुआत की गई है।

श्रीलंका ने आंशिक छूट देकर लॉकडाउन खत्म करने की शुरुआत की

कोलंबो, 10 मई श्रीलंका ने कोविड-19 की वजह से करीब दो महीने से लागू लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट देने की शुरुआत कर दी।

आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने कहा कि श्रीलंका में कोरोना वायरस की महामारी काफी हद तक नियंत्रण में आने के बाद धीरे-धीरे कर्फ्यू में ढील देने की शुरुआत की गई है।

राजपक्षे ने कहा कि पाबंदियों में ढील के तहत सरकारी और निजी क्षेत्र के संस्थानों को सोमवार से सीमित कर्मचारियों के साथ काम शुरू करने की अनुमति होगी।

उल्लेखनीय है कि श्रीलंका में कोविड-19 का पहला मामला आने के करीब एक हफ्ते बाद 20 मार्च को लॉकडाउन लागू किया गया था।

सरकार ने कहा कि सोमवार से दी जा रही ढील का अभिप्राय लंबे समय की बंदी के बाद आर्थिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करना है और लोगों को केवल काम होने पर ही आवाजाही करनी चाहिए।

सरकार के मुताबिक सभी रेस्तरां, मनोरंजन के स्थल और स्कूल बंद रहेंगे।

कोविड-19 निवारण के प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अजीत रोहना ने कहा कि कोलंबो सहित संक्रमण के सबसे अधिक खतरे वाले चार जिलों में कर्फ्यू लागू रहेगा।

उन्होंने बताया, ‘‘ कर्फ्यू के दौरान आवाजाही करने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्रों के कर्मचारियों को अपने नियोक्ता का पत्र दिखाना होगा।’’

रोहाना ने कहा, ‘‘ यह कदम आर्थिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करने के लिए उठाया गया। इसके बावजूद सभी को जरूरी सामाजिक दूरी बनाने के साथ पृथकवास के नियमों का अनुपालन करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्रों को अपने संस्थानों को खोलने और बंद करने के लिए विशेषतौर पर समय निर्धारित किया गया है ताकि भीड़ से बचा जा सके।

स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक अनिल जसिंघे ने कहा कि खतरा अभी भी खत्म नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कोविड-19 की महामारी से पहले वाली स्थिति में लौटने से बहुत दूर हैं।’’

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के आठ नये मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढकर 855 हो गई है। अबतक 340 लोग ठीक हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 11:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).