विदेश की खबरें | श्रीलंका बुर्के पर प्रतिबंध लगाएगा, 1,000 से अधिक मदरसों को बंद करेगा

जन सुरक्षा मंत्री शरत वीरसेकरा ने कहा कि उन्होंने बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगाने की मंत्रिमंडल की अनुमति मांगने के अनुरोध वाले कागजात पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किए।

एक बौद्ध मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अधिक विवरण साझा किए बिना वीरसेकरा ने कहा, '' बुर्के का राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा प्रभाव है।''

उन्होंने कहा, '' शुरुआती दिनों में हमारी कई मुस्लिम मित्र थीं। हालांकि, मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों ने कभी बुर्का नहीं पहना। यह एक तरह का धार्मिक कट्टरपंथ है जोकि हाल ही में सामने आया है। हम इस पर अवश्य प्रतिबंध लगाएंगे।''

श्रीलंका में 2019 में ईस्टर रविवार के दिन चर्च और होटलों में हुए बम हमलों के बाद बुर्का पहनने पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी। इन हमलों में 260 से अधिक लोगो की मौत हुई थी।

वीरसेकरा ने यह भी कहा कि सरकार 1,000 से अधिक मदरसों पर भी प्रतिबंध लगाएगी क्योंकि यह विभागों के पास पंजीकृत नहीं हैं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति का अनुसरण नहीं करते हैं।

श्रीलंका की आबादी करीब दो करोड़ बीस लाख है, जिनमें से मुस्लिमों की आबादी करीब नौ प्रतिशत, हिंदुओं की 15 फीसदी और बौद्धों की 70 प्रतिशत से अधिक आबादी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)