एजेंसी न्यूज

खेल मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार अभ्यास की अनुमति दी

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोरोना वायरस के चलते लगाये गये लॉकडाउन के चौथे चरण में इनको खोलने की अनुमित दी थी जिसके बाद खेल मंत्रालय ने यह फैसला किया।

खेल मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार अभ्यास की अनुमति दी
जमात

नयी दिल्ली, 18 मई खेल मंत्रालय ने सोमवार को अपने खेल परिसरों और स्टेडियमों में अभ्यास फिर से शुरू करने के लिये हरी झंडी दे दी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोरोना वायरस के चलते लगाये गये लॉकडाउन के चौथे चरण में इनको खोलने की अनुमित दी थी जिसके बाद खेल मंत्रालय ने यह फैसला किया।

खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए खेल परिसरों और स्टेडियमों में खेल गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी लेकिन जिम और तरणताल अभी बंद रहेंगे। कोविड-19 बीमारी के कारण अभ्यास शिविर मार्च से ही बंद हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुझे खिलाड़ियों और सभी संबंधित लोगों को यह सूचित करते हुए खुशी हो रही है कि गृह मंत्रालय और संबंधित राज्यों के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए खेल परिसरों और स्टेडियमों में खेल गतिविधियां संचालित की जाएगी। हालांकि जिम और तरणताल का उपयोग अब भी बंद रहेगा।’’

गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन चार के दौरान पालन किये जाने वाले दिशानिर्देशों में से एक में लिखा गया है, ‘‘खेल परिसर और स्टेडियमों को खोलने की अनुमति दी जायेगी, हालांकि दर्शकों को अनुमति नहीं होगी। ’’

तीसरे चरण का लॉकडाउन सोमवार को समाप्त हो गया लेकिन इसे 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। भारत में अभी तक 90,000 से ज्यादा कोविड-19 मामले सामने आये हैं जिसमें करीब 3000 लोग जान गंवा चुके हैं।

भारत में अभी केवल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रूप में ही सबसे बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन होना है जिसे अप्रैल में अनिश्चित काल के लिये स्थगित कर दिया गया था।

खेल मंत्री की घोषणा के बावजूद आईपीएल के हाल फिलहाल खाली स्टेडियमों में शुरू होने की संभावना भी नहीं है क्योंकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रा पाबंदियां अब भी पहले की तरह लागू हैं।

देशव्यापी लॉकडाउन मार्च के मध्य से शुरू हुआ था और भारतीय खेल प्राधिरकण के पटियाला और बेंगलुरू में परिसरों में ओलंपिक में जगह बना चुके शीर्ष खिलाड़ी पिछले दो सप्ताह से अभ्यास शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

ओलंपिक को इस घातक महामारी के कारण 2021 तक स्थगित कर दिया गया है।

पिछले सप्ताह रीजीजू ने कई वीडियो कांफ्रेन्स करके इस मामले में उनकी राय जानी थी। उन्होंने भारोत्तोलकों, हाकी खिलाड़ियों और ट्रैक एवं फील्ड के एथलीटों से भी बात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).