देश की खबरें | विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए वन मंजूरी में तेजी लाएं : मुख्यमंत्री सुक्खू ने अफसरों से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को वन मंजूरी में तेजी लाने का निर्देश दिया है ताकि प्रमुख विकास परियोजनाओं पर काम अविलंब शुरू हो सके।
शिमला, आठ अगस्त हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को वन मंजूरी में तेजी लाने का निर्देश दिया है ताकि प्रमुख विकास परियोजनाओं पर काम अविलंब शुरू हो सके।
मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार, सोमवार देर रात वन विभाग की समीक्षा बैठक में सुक्खू ने अधिकारियों को राज्य के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
कांगड़ा जिले के बनखंडी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय मानक प्राणी उद्यान के लिए मंजूरी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसका निर्माण शुरू करने के वास्ते तत्काल प्रारंभिक कार्रवाई करने का आह्वान किया।
प्रस्तावित चिड़ियाघर वैश्विक मानकों को पूरा करे और पर्यटकों को एक समृद्ध अनुभव प्रदान करे, यह सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक सलाहकार की नियुक्ति पर भी जोर दिया।
पर्यावरणीय पर्यटन (इकोटूरिज्म) गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रमुख निजी क्षेत्र को आमंत्रित करने के लिए शीघ्र ही विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
इकोटूरिज्म स्थल निजी कंपनियों को समूह (क्लस्टर) और व्यक्तिगत आधार पर प्रदान किए जाएंगे जिससे राज्य के लिए राजस्व पैदा होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार पैदा होगा। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार इकोटूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि पर्यटन हिमाचल की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
मानसून के दौरान उखड़े पेड़ों के मुद्दे पर सुक्खू ने वन विभाग को इन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व हानि को कम करने के लिए पेड़ों की गणना, अंकन, निष्कर्षण और निस्तारण के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने वनीकरण अभियान की आवश्यकता पर भी बल दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)