सेना के करीब 700 जवानों को लेकर विशेष रेलगाड़ी जम्मू पहुंची
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह जरूरी था कि अभियान क्षेत्र में तैनात टुकड़ियों में सैनिकों की संख्या को बढ़ाया जाए।
जम्मू, 20 अप्रैल सेना के करीब 700 जवान विशेष रेलगाड़ी से सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश में अपनी-अपनी तैनाती स्थलों पर ड्यूटी करने के लिए जम्मू पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण भारत में पेशेवर पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद उन्हें बेंगलुरु से यहां लाया गया।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह जरूरी था कि अभियान क्षेत्र में तैनात टुकड़ियों में सैनिकों की संख्या को बढ़ाया जाए।
प्रवक्ता ने बताया कि सैनिकों को लेकर विशेष रेलगाड़ी 17 अप्रैल को बेंगलुरु से रवाना हुई थी।
उन्होंने बताया कि सैनिक बेंगलुरु, बेलगावी और सिकंदराबाद से पेशेवर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपनी-अपनी टुकड़ी में शामिल होने का इंतजार कर रहे थे।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक जवान को यहां पर आने से पहले अनिवार्य पृथकवास में रखा गया था और पूरी यात्रा के दौरान सामाजिक दूरी का अनुपालन किया गया। वे सभी पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
उन्होंने बताया कि जम्मू रेलवे स्टेशन पर आने पर सभी जवानों की जांच की गई और इसके बाद केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तैनात टुकड़ियों के लिए रवाना किया गया।
गौरतलब है कि 25 मार्च को लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद सभी यात्री रेल सेवा स्थगित कर दी गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2020 07:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

