अहमदाबाद से करीब 1000 यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन दिल्ली रवाना हुई
अधिकारियों ने बताया कि 25 यात्रियों को ट्रेन में सवार होने की इजाजत नहीं दी गई क्योंकि उनका तापमान अधिक पाया गया।
अहमदाबाद, 12 मई गुजरात में अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से मंगलवार शाम एक विशेष ट्रेन करीब 1000 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। इन यात्रियों में से अधिकतर गत मार्च में लॉकडाउन घोषित होने के बाद गुजरात में फंस गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि 25 यात्रियों को ट्रेन में सवार होने की इजाजत नहीं दी गई क्योंकि उनका तापमान अधिक पाया गया।
आनलाइन टिकट लेने वाले यात्रियों की स्टेशन के मुख्य द्वार पर स्क्रीनिंग की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण तो नहीं हैं।
यात्रियों के सामान पर कीटाणुनाशक स्प्रे भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी मजदूरों के लिए विशेष ट्रेनें तो पहले से चल रही हैं लेकिन सामान्य यात्रियों को लेकर ट्रेन लगभग 50 दिन बाद अहमदाबाद से रवाना हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्ण वातानुकूलित विशेष ट्रेन बुधवार को सुबह करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन 864 किलोमीटर का सफर तय करेगी और रास्ते में पालनपुर, आबू रोड, जयपुर और गुरुग्राम में रुकेगी।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक झा ने कहा, ‘‘स्क्रीनिंग के दौरान 25 यात्रियों का तापमान अधिक पाया गया। इसलिए हमने उन्हें ट्रेन में सवार होने की इजाजत नहीं दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से कुछ अपने परिवार के सदस्यों के साथ थे और अकेले जाना नहीं चाहते थे इसलिए कन्फर्म रिजर्वेशन वाले 40 व्यक्ति ट्रेन में सवार नहीं हुए।’’
राजस्थान के एक व्यापारी रौनक पंचोली ने कहा, ‘‘मैं पुरुषों के वस्त्रों का आर्डर देने के लिए जयपुर से आया था और कभी नहीं सोचा था कि मुझे होटल के एक छोटे कमरे में इतने दिन बिताने पड़ेंगे। मेरे पैसे भी खत्म हो गए और इस शहर में कोई नहीं था जिससे मैं मदद ले सकूं।’’
दिल्ली के अरुण कुमार अपने पुराने मित्र से मिलने के लिए अहमदाबाद आये थे, तभी लॉकडाउन घोषित हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यहां केवल दो दिन रहने की योजना बनायी थी लेकिन फंस गया। मुझे लगा कि मैं अपने मित्र और उनके परिवार पर बोझ बन गया हूं। घर पर मेरे अभिभावक इन दिनों ठीक से सो नहीं पाये। आज मुझे इतनी राहत मिल रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 12:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

