नयी दिल्ली, 14 दिसंबर सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद सुरक्षा चूक मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा बयान दिये जाने की विपक्ष की मांग को पूरी तरह से खारिज कर दिया और कहा कि लोकसभा अध्यक्ष सदन के संरक्षक हैं तथा सरकार उनके निर्देशों का पालन करेगी।
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार के पास इस मुद्दे पर बयान जारी करने का अधिकार नहीं है क्योंकि लोकसभा अध्यक्ष ही इस मामले में फैसला लेंगे।
जोशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार लोकसभा अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करती है। उन्हें (विपक्ष को) इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए। हम इस विषय से बहुत संवेदनशीलता के साथ निपट रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष इस बात को मुद्दा नहीं बना रहा है कि जब कांग्रेस जैसी विपक्षी पार्टियां सत्ता में थीं तब क्या हुआ था, क्योंकि उस समय के लोकसभा अध्यक्षों ने अपने विवेक से फैसले लिए थे।
जोशी ने सुरक्षा चूक को लेकर विरोध करने वाले दलों से सरकार के साथ सहयोग करने की अपील की।
कुछ विपक्षी सदस्यों ने बृहस्पतिवार को सदन में तख्तियां लेकर इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY