देश की खबरें | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एमवीए के तहत लड़ने के लिए 12 सीट चाहती है सपा : अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उनकी पार्टी ने विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) से 12 सीट की मांग की है। हालांकि, गठबंधन द्वारा सीट बंटवारे को लेकर समझौते की घोषणा की जानी अभी बाकी है।
धुले(महाराष्ट्र), 19 अक्टूबर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उनकी पार्टी ने विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) से 12 सीट की मांग की है। हालांकि, गठबंधन द्वारा सीट बंटवारे को लेकर समझौते की घोषणा की जानी अभी बाकी है।
उत्तर महाराष्ट्र के धुले जिले में संवाददाताओं से बात करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ने पांच सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं।
उन्होंने कहा कि सपा एक ऐसी पार्टी है जो कुछ सीट के साथ संतुष्ट है।
अखिलेश ने कहा, ‘‘हमने (एमवीए के तहत) 12 सीट की मांग की है।’’ उन्होंने कहा कि सपा ने उन सीट का विवरण साझा किया है जहां वह अपनी स्थिति मजबूत मानती है।
सपा ने शनिवार को धुले शहर से इरशाद जहागीरदार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। इसी के साथ पार्टी अब तक पांच उम्मीदवार उतार चुकी है।
पार्टी ने शुक्रवार को भिवंडी पूर्व से मौजूदा विधायक रईस शेख, भिवंडी पश्चिम से रियाज आजमी और मालेगांव सेंट्रल से शान-ए-हिंद की उम्मीदवारी की घोषणा की। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी शिवाजीनगर-मनखुर्द सीट से मौजूदा विधायक हैं।
अखिलेश ने शुक्रवार को मालेगांव और शनिवार को धुले में रैली को संबोधित किया।
अबू आजमी ने ‘पीटीआई-’ से बात करते हुए कहा, ‘‘हमने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है ताकि उन्हें (एमवीए को) पता चले कि हम यहां मजबूत हैं, वरना वे हमें बैठक में बताएंगे कि आपका उम्मीदवार बहुत मजबूत नहीं है। हमने यह दिखाया है कि हम वे सीट मांग रहे हैं जहां हम मजबूत हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)