देश की खबरें | अपने दलित सांसद के कंधे पर रखकर बंदूक चला रहे हैं सपा अध्यक्ष : राजभर

बलिया (उप्र), 13 अप्रैल समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के मेवाड़ा के राजा रहे राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर करणी सेना के हंगामे के बीच उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने रविवार को सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सुमन के 'कंधे पर रखकर' बंदूक चलाने का आरोप लगाया।

राजभर ने बेल्थरा रोड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, "सपा बहुत खतरनाक खेल खेल रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दलित सांसद रामजीलाल सुमन के कंधे पर बंदूक रखकर गोली चला रहे हैं। उन्होंने सुमन पर एक योजना के तहत दबाव डालकर प्रायोजित तरीके से जबरदस्ती संसद में बयान दिलाया। सपा एक दलित के बेटे को आगे करके एक योजना के तहत उत्तर प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने का प्रयास कर रही है।"

राजभर ने कहा, "यह सारा काम सत्ता गंवाने की छटपटाहट में किया जा रहा है। वे सत्ता पाने के लिए कुछ भी करने वाले लोग हैं। मगर, समाज को बांटने का यह कुत्सित प्रयास उत्तर प्रदेश की जनता सफल नहीं होने देगी।"

उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव वाकई पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) के हितैषी हैं तो अभी यह घोषणा करें कि जब कभी उनकी सरकार बनेगी तो कोई दलित या अन्य पिछड़ा वर्ग का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा।

राज्यसभा में सपा के सदस्य सुमन ने पिछले महीने एक बयान में राणा सांगा को 'गद्दार' कहा था। इसे लेकर आक्रोशित करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने आगरा में सुमन के घर पर तोड़फोड़ की थी। इसके अलावा संगठन के कार्यकर्ता जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं।

श्रम और सेवायोजन मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गांधी को संविधान की प्रस्तावना तक की जानकारी नहीं है और संविधान का सबसे ज्यादा अपमान और आरक्षण का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस और सपा ने ही किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)