Guwahati Flyover Birthday Bash: ₹3030 करोड़ के ब्रह्मपुत्र पुल पर मनाई पत्नी की बर्थडे पार्टी, कारोबारी समेत 14 लोग गिरफ्तार
यह घटना 21 और 22 जून की दरम्यानी रात की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में पुल की एक लेन को पूरी तरह घेरकर रेड कार्पेट, गुब्बारों की सजावट, आतिशबाजी और पायरो लाइट्स के साथ भव्य जन्मदिन समारोह आयोजित करते हुए देखा गया. बताया जा रहा है कि कारोबारी गौतम बरुआ ने अपनी पत्नी का 42वां जन्मदिन मनाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया था.
Guwahati Flyover Birthday Bash Viral Video: असम के गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने नवनिर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर आधी रात को जन्मदिन की पार्टी मनाना एक कारोबारी को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद असम पुलिस ने कारोबारी गौतम बरुआ समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में चार लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त किया है.
यह घटना 21 और 22 जून की दरम्यानी रात की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में पुल की एक लेन को पूरी तरह घेरकर रेड कार्पेट, गुब्बारों की सजावट, आतिशबाजी और पायरो लाइट्स के साथ भव्य जन्मदिन समारोह आयोजित करते हुए देखा गया. बताया जा रहा है कि कारोबारी गौतम बरुआ ने अपनी पत्नी का 42वां जन्मदिन मनाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया था.
लग्जरी गाड़ियों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही एक लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आयोजकों की पहचान की.
गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी जयंता सारथी बोरा के मुताबिक, वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया गया और पूछताछ के लिए बुलाया गया. इसके बाद कारोबारी गौतम बरुआ और कार्यक्रम में शामिल 13 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
चार लग्जरी वाहन भी किए गए जब्त
पुलिस ने समारोह में इस्तेमाल की गई चार महंगी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है. इनमें एक लैंड रोवर डिफेंडर, एक मर्सिडीज-बेंज, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक होंडा सिटी शामिल है.
कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर जन्मदिन मनाने के बाद बिज़नेसमैन गौतम बरुआ गिरफ़्तार:
A Guwahati businessman, Gautam Baruah, turned a busy flyover into a private venue for his wife's birthday, complete with a red carpet, fireworks, and balloons. pic.twitter.com/TEpqpq0u0R
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 24, 2026
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गिरफ्तार किए गए सभी लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों पर सार्वजनिक रास्ते में बाधा उत्पन्न करने, सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं.
पूछताछ के दौरान गौतम बरुआ ने दावा किया कि केक काटने और कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया केवल पांच मिनट तक चली थी. हालांकि पुलिस ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों और महत्वपूर्ण सड़कों पर इस तरह के आयोजन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं.
असम में जन्मदिन की पार्टी के वायरल वीडियो के सिलसिले में गिरफ्तार लोगों के नाम
Guwahati flyover b'day: 14 arrested, 4 cars seized https://t.co/dGbTrjf8gw pic.twitter.com/wnidoBUoDi
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 24, 2026
पीएम मोदी ने किया था पुल का उद्घाटन
जिस कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, वह असम की एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है. लगभग ₹3030 करोड़ की लागत से बने इस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में किया था. यह पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है और ब्रह्मपुत्र नदी पर रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की कड़ी आलोचना की और सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग पर नाराजगी जताई. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पुल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2026 06:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

