देश की खबरें | सपा विधायक ने अखिलेश यादव की अपील पर दसवें दिन अनशन तोड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर अनशन पर बैठे समाजवादी पार्टी (सपा) के अमेठी जिले के गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की अपील पर 10वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया।

लखनऊ, नौ नवंबर उत्तर प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर अनशन पर बैठे समाजवादी पार्टी (सपा) के अमेठी जिले के गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की अपील पर 10वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया।

सपा प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार सुबह सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को विधायक का अनशन समाप्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

सपा मुख्यालय से मंगलवार शाम जारी बयान के अनुसार यादव की अपील पर विधायक सिंह ने चौधरी, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह और विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन के हाथों से जूस पीकर अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी।

सपा के अनुसार सिंह को लखनऊ में हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा स्थल से जबरन उठाकर पुलिस ने सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया था। वहां भी वे आमरण अनशन पर थे। उनकी स्थिति लगातार बिगड़ रही थी।

आज यादव ने सिंह से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा, “गूंगी बहरी सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करना बेमानी है। सड़कों पर आकर इनके खिलाफ लड़ना सबसे बेहतर विकल्प है।”

गौरतलब है कि विधायक सिंह ने 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और हजरतगंज (अटल चौक) में गांधी प्रतिमा के पास अनशन पर बैठ गये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\