ताजा खबरें | सपा ने विकास नहीं, सिर्फ विनाश का मॉडल अपनाया : योगी

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि सपा ने विकास नहीं, सिर्फ विनाश का मॉडल अपनाया।

बागपत (उप्र), 29 जनवरी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि सपा ने विकास नहीं, सिर्फ विनाश का मॉडल अपनाया।

योगी ने शनिवार को यहां 'प्रभावी मतदाता संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ''सपा ने विकास नहीं, सिर्फ विनाश का मॉडल अपनाया। उनके राज में विकास सिर्फ कब्रिस्तान में दिखता था। कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के अलावा कुछ नही होता था।''

उन्होंने कहा कि ''पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश से व्यापारियों का पलायन होता था, आज पलायन नहीं होता, बल्कि प्रगति होती है।'' योगी ने यह भी कहा, ‘‘सरकार बनने पर वे (सपाई) अपना बंगला बनाते थे और हम गरीबों के घर बनाते हैं।

राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए योगी ने कहा, ''सपा तमंचों की फैक्ट्री लगाती है, हम डिफेंस कॉरिडोर बनवा रहें हैं, हम भव्य राम मंदिर बनवा रहे हैं।'' धार्मिक आस्‍था पर केंद्रित अपने वक्‍तव्‍य में योगी ने दावा किया, ‘‘अब परिवर्तन आया है, अब अयोध्या में दीपोत्सव व ब्रज में रंगोत्सव होता है। पहले सैफई में महोत्सव होता था।''

उन्होंने मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम के अलावा बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, व्यापारियों और किसानों आदि से बातचीत की और कहा कि भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ है और माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाए गए तथा नुकसान की भरपाई दंगाइयों की संपत्ति से की गई।

योगी ने कहा कि पहले किसान को उपज की कीमत नहीं मिलती थी, चीनी मिलें बंद हो जाती थीं। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए योगी ने कहा कि जब तक गन्ना किसानों के खेतों में खड़ा रहता है, चीनी मिलें चलती हैं और किसानों को 14 दिनों में भुगतान किया जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्तियों में एक परिवार के लोग धांधली करते थे। ‘सैफई खानदान’ भर्ती निगल जाता था। अब बिना सिफारिश और लेन-देन के भर्ती होती है। आज हर गांव का कोई ना कोई नौजवान पुलिस में भर्ती हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीकू सेंटर का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल में छह माह के बच्चे को काफी देर तक गोद में लेकर दुलारा। योगी ने बच्चे को सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते हुए कहा कि खूब पढ़ना। उन्होंने शिशु की ओर देखकर कहा, ‘‘सामने देखो मीडिया वाले आपकी फोटो खींच रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\