देश की खबरें | दक्षिण गोवा की पुलिस अधीक्षक का तबादला, कांग्रेस ने बताया 'राजनीतिक से प्रेरित'

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा सरकार ने दक्षिण गोवा जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनीता सावंत का अचानक तबादला कर दिया। तबादले की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष से देर रात भेजे गए 'वायरलेस संदेश' के जरिए दी गई।

पणजी, 29 जनवरी गोवा सरकार ने दक्षिण गोवा जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनीता सावंत का अचानक तबादला कर दिया। तबादले की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष से देर रात भेजे गए 'वायरलेस संदेश' के जरिए दी गई।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात 'नियमित प्रक्रिया' के तहत एसपी सुनीता सावंत का तबादला किया गया और ‘एंटी-नारकोटिक्स’ प्रकोष्ठ के एसपी टीकम सिंह वर्मा को उनकी जगह नियुक्त किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सावंत को तबादले का आदेश तब मिला जब उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों की जानकारी एकत्र करने के लिए सभी थानों को वायरलेस संदेश भेजा था।

विपक्षी कांग्रेस ने इस तबादले को 'राजनीति प्रेरित' बताते हुए आरोप लगाया कि यह कदम आरएसएस-भाजपा के "सांप्रदायिक एजेंडे" को दर्शाता है।

गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) के अध्यक्ष अमित पाटकर ने एक बयान में कहा, "जैसे ही एसपी सुनीता सावंत ने गोवा में बजरंग दल के नेताओं की जानकारी एकत्र करनी शुरू की, सरकार घबरा गई और तुरंत उनका तबादला कर दिया। यह दर्शाता है कि भाजपा प्रशासन नहीं, बल्कि अपने वैचारिक सहयोगियों की रक्षा करने में लगी है।"

उन्होंने आगे कहा कि यह तबादला ईमानदार अधिकारियों को डराने की कोशिश है ताकि वे सांप्रदायिक ताकतों पर कोई कार्रवाई न करें।

बजरंग दल के गोवा संयोजक विराज देसाई ने कहा कि उन्हें इस तबादले की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, "हम राष्ट्र निर्माण में सक्रिय संगठन हैं और युवाओं के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करते हैं। हमें नहीं पता कि एसपी का तबादला क्यों हुआ।"

गोवा के पुलिस महानिदेशक अलोक कुमार ने कहा कि एसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया जाता है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

कांग्रेस ने तबादले पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से स्पष्टीकरण मांगा। कांग्रेस ने तबादले को न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करार देते हुए ईमानदार अधिकारियों का समर्थन करने की बात कही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now