खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका की पहली पारी को 157 रन पर समेटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. चाय के विश्राम तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 22 रन बना लिये।
चाय के विश्राम तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 22 रन बना लिये।
एनरिज नोर्जे (56 रन पर छह विकेट) और वियान मुलदर (25 रन पर तीन विकेट) की तेज गेंदबाजी का श्रीलंकाई बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था और पूरी टीम महज 40.3 ओवर ही खेल पायी।
सलामी बल्लेबाज कुशल मेंडिस ने 67 गेंद में 60 रन बनाकर श्रीलंका को अच्छी शुरूआत दिलायी थी। टीम शुरुआती 20 ओवरों के बाद एक विकेट पर 71 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसके बाद मुलदर की गेंद पर परेरा के आउट होते ही उनकी पारी बिखर गयी।
बाइस साल के मुलदर ने परेरा को पवेलियन भेजने के बाद उसी ओवर में कुसल मेंडिस (शून्य) और अगले ओवर में लाहिरू तिरिमाने (17) के अहम विकेट झटक कर श्रीलंका को मुश्किल में डाल दिया। लंच के समय टीम ने 24 ओवर में पांच विकेट पर 84 रन बनाये थे। इससे पहले श्रीलंका ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन नोर्जे ने कप्तान दिमुथ करूणारत्ने (दो रन) को विकेट के पीछे कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलायी। उन्होंने दिन के पहले सत्र में पदार्पण कर रहे मिनोद भानुका को भी चलता किया।
नोर्जे ने आखिरी पांच में से चार विकेट लेकर टेस्ट करियर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रहे श्रीलंका को इस मैच के लिए चार बदलाव करने पड़े। टीम इस मुकाबले में बल्लेबाज दिनेश चंदीमल, आलराउंडर धनंजय डिसिल्वा तथा तेज गेंदबाज कासुन रजिता और लाहिरू कुमारा के बिना उतरी।
इनकी जगह तिरिमाने, भानुका, दुसमंत चमीरा और असिता फर्नांडो को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। बल्लेबाज भानुका के अलावा तेज गेंदबाज फर्नांडो का भी यह पहला टेस्ट मैच है।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। इस तरह से उसने फिट तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा को पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी श्रृंखलाओं को देखकर अंतिम एकादश में नहीं रखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)