एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से हराया, श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनायी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज यानेमन मलान की 91 रन की पारी और पहले विकेट के लिए क्विंटन डिकॉक (78) के साथ 132 रन की साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे एकदिवसीय में भारत को सात विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त कायम कर ली।

खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से हराया, श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनायी

पार्ल, 21 जनवरी सलामी बल्लेबाज यानेमन मलान की 91 रन की पारी और पहले विकेट के लिए क्विंटन डिकॉक (78) के साथ 132 रन की साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे एकदिवसीय में भारत को सात विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त कायम कर ली।

मलान ने 108 गेंद की पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने डिकॉक के साथ शतकीय साझेदारी करने के बाद कप्तान तेम्बा बावुमा (35) के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े।

भारत ने ऋषभ पंत की करियर की सर्वश्रेष्ठ 85 रन (71 गेंद) से पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 287 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने 11 गेंद शेष रहते तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डिकॉक ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका को आक्रामक शुरुआत दिलायी। उन्होंने पहले ओवर में जसप्रीत बुमराह (37 रन पर एक विकेट) के खिलाफ चौका और फिर दूसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ दो चौके और एक छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे। भुवनेश्वर ने अपने पहले ओवर में ही 16 रन लुटा दिये।

रविचंद्रन अश्विन ने पारी का छठा ओवर मेडन डाला और फिर अपने दूसरे ओवर में डिकॉक को फंसाने में सफल हुए लेकिन विकेटकीपर ऋषभ पंत ने स्टंपिंग का आसान मौका छोड़ दिया। डिकॉक ने अगली ही गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय टीम के जले पर नमक छिड़का।

डिकॉक ने 12वें ओवर में पहली गेंद पर एक रन लेकर 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 16वें ओवर में भुवनेश्वर के खिलाफ चौका और फिर अपना तीसरा छक्का लगाकर टीम के रनों का शतक पूरा किया।

इस बीच संभल कर बल्लेबाजी कर रहे मलान ने 22वें ओवर में शारदुल ठाकुर (35 रन पर एक विकेट) की गेंद पर एक रन एक रन लेकर  66 गेंद में करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया।

ठाकुर ने अगली ही गेंद पर डिकॉक को पगबाधा कर भारत को पहली सफलता दिलायी। मैदानी अंपायर ने भारत की अपील को नकार दिया थ लेकिन रिव्यू के बाद उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा।

डिकॉक ने 66 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 78 रन बनाये।

इस विकेट के गिरने का दक्षिण अफ्रीका पर कोई असर नहीं पड़ा। मलान और उनका साथ देने आये कप्तान तेम्बा बावुमा ने एक-एक, दो-दो रन के लिये दौड़ने के साथ बीच-बीच में गेंद को सीमा रेखा के पास भेजना जारी रखा। दोनों ने 34 वें ओवर में शारदुल ठाकुर के खिलाफ तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाये। इसी ओवर में टीम के 200 रन पूरे हुये।

बुमराह ने अगले ही ओवर में मलान को पवेलियन की राह दिखायी। मलान बुमराह की धीमी गेंद को पढ़ने में नाकाम रहे और गेंद उनके ग्लव्स को छूते हुए विकेट से टकरा गयी। उन्होंने 108 गेंद में 91 रन बनाये।

युजवेंद्र चहल (47 रन पर एक विकेट) ने अगले ही ओवर में अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर बावुमा की 36 गेंद में 35 रन की पारी को खत्म किया। उन्होंने इस दौरान तीन चौके लगाये।

लगातार दो विकेट गिरने के बाद भी दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने आक्रामक रवैया बरकरार रखा। पिछले मैच में नाबाद शतक लगाने वाले रेसी वान डर डुसेन (नाबाद 37) और एडेन मार्कराम (नाबाद 37) ने चौथे विकेट के लिए 74 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी।

भारतीय गेंदबाज एक बार फिर प्रभावित करने में नाकाम रहे। भुवनेश्वर ने आठ ओवर में 67 जबकि अश्विन ने 10 ओवर में 68 रन लुटाये।

इससे पहले टॉस जीतने के बाद पंत और कप्तान केएल राहुल (79 गेंदों में 55 रन) ने 19 ओवर से भी कम में 115 रन की साझेदारी की। इस दौरान पंत ज्यादा आक्रामक रहे और उन्होंने मध्यम गति के गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ सहजता से रन बनाये।

दक्षिण अफ्रीका ने हालांकि बीच के ओवरों में दोनों के विकेट जल्दी जल्दी लेकर बोलैंड पार्क में वापसी की क्योंकि नये बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं था।

श्रेयस अय्यर (14 गेंदों में 11 रन) और वेंकटेश अय्यर (33 गेंदों में 22 रन) रन बनाने के लिए जूझते दिखे। 

पंत हालांकि एकदिवसीय अपना पहला शतक लगाने से चूक गये लेकिन पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक लगाने वाले ठाकुर (38 गेंद में नाबाद 40) ने अश्विन (24 गेंद में नाबाद 25 रन) के साथ 6.1 ओवर में 48 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

राहुल एक छोर पर संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे तो वहीं दूसरे छोर पर शिखर धवन (38 गेंद में 29 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। एडेन मार्कराम (34 रन पर एक विकेट) ने धवन को आउट कर एक बार फिर भारतीय सलामी साझेदारी को तोड़ा। धवन और राहुल ने 63 रन की साझेदारी की।

इसके बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली बिना खाता खोले ही केशव महाराज की गेंद पर पदार्पण कर रहे सिसांदा मगाला को आसान कैच थमा बैठे।

पंत ने क्रीज पर थोड़ा समय बिताने के बाद दक्षिण अफ्रीका के बायें हाथ के दोनों स्पिनरों महाराज (52 रन पर एक विकेट) और तबरेज शम्सी (57 रन पर दो विकेट) के खिलाफ असानी से बड़े शॉट लगाये। उन्होंने अपनी पारी 10 चौके और दो छक्के जड़े। शम्सी की गेंद पर एक और बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में उन्होंने मिड ऑन में मार्कराम को कैच दे दिया।

इससे थोड़ा पहले मगाला (64 रन पर एक विकेट) ने कप्तान राहुल को पवेलियन भेजा।

मगाला और फेहलुकवाये (44 रन पर एक विकेट) ने 33वें से 44वें ओवर तक भारतीय बल्लेबाजों को खुल कर नहीं खेलने दिया लेकिन ठाकुर और अश्विन ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

श्रृंखला का तीसरा मैच 23 जनवरी को खेला जायेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 21, 2022 10:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).