देश की खबरें | गलवान घाटी में शहीद सैनिक कुंदन ओझा की आश्रिता को सोरेन ने नियुक्ति पत्र दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गलवान घाटी में शहीद साहिबगंज के सैनिक कुंदन कुमार ओझा की आश्रिता को मंगलवार को यहां नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

साहिबगंज (झारखंड), 26 अक्टूबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गलवान घाटी में शहीद साहिबगंज के सैनिक कुंदन कुमार ओझा की आश्रिता को मंगलवार को यहां नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

इसके साथ ही उन्होंने श्रीनगर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद सीआरपीएफ जवान कुलदीप उरांव की आश्रिता और छत्तीसगढ़ में उग्रवादी हमले में शहीद मुन्ना यादव (सीआरपीएफ) की आश्रिता को 10 -10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सोरेन ने साहिबगंज में प्रशिक्षु आरक्षियों के पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उसके बाद आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को नियुक्ति पत्र एवं सहायता राशि प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । सोरेन ने प्रशिक्षु आरक्षियों से कहा, ‘‘आपने बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम में जो कुछ सीखा है , उसका बखूबी इस्तेमाल अपने कार्यों एवं दायित्व निर्वहन में करेंगे । मुझे पूरा विश्वास है कि आप परिवार और समाज के साथ तालमेल बनाकर अपने उत्तरदायित्व और जनता के प्रति संवेदना दिखाएंगे ।’’

मुख्यमंत्री ने गर्व जताते हुए कहा कि बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 502 आरक्षियों में 94 महिलाएं हैं । यह दर्शाता है कि पुलिस महकमे में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है ।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कुंदन कुमार ओझा की आश्रिता नम्रता कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया । उन्हें 10 लाख रुपए की शहीद सहायता राशि पहले ही दी जा चुकी है । मुख्यमंत्री ने कुलदीप उरांव की आश्रिता वंदना उरांव को 10 लाख रुपये अनुग्रह राशि प्रदान की । वह बंगाल पुलिस में पहले से ही कार्यरत हैं । मुख्यमंत्री ने मुन्ना यादव की आश्रिता निताई कुमारी को भी 10 लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की । उन्हें नियुक्ति पत्र पहले ही मिल चुका है ।

इस मौके पर सांसद विजय हांसदा, विधायक अनंत कुमार ओझा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\