जरुरी जानकारी | सोनोवाल ने विजाग अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन किया

विशाखापत्तनम, चार सितंबर पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को विशाखापत्तनम बंदरगाह पर विजाग इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल (वीआईसीटी) और 333 करोड़ रुपये की कुछ और परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

क्रूज़ टर्मिनल के अलावा उन्होंने एक ‘कवर्ड स्टोरेज शेड’, विश्वस्तरीय ट्रक पार्किंग टर्मिनल और एक पुनर्निर्मित बर्थ (ओआर-1 बर्थ) का उद्घाटन किया।

भंडारण शेड 84,000 टन थोक और बैग में रखे गए कार्गो को संभालने के लिए सुसज्जित है।

इसी तरह ट्रक पार्किंग टर्मिनल 666 वाहनों को समायोजित कर सकता है और दुकानों और अन्य सुविधाओं के साथ-साथ 100 बिस्तरों वाले छात्रावास जैसी अन्य सुविधाएं भी प्रदान करता है।

सोनोवाल ने कहा, ‘‘हमने विशाखापत्तनम बंदरगाह पर चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, जिससे मौजूदा बंदरगाह सुविधाएं बढ़ गई हैं।’’

उन्होंने कहा कि क्रूज़ टर्मिनल एक समय में 2,000 यात्रियों को संभाल सकता है और इस बंदरगाह शहर को भविष्य में क्रूज़ हब (क्रूज केन्द्र) के रूप में विकसित किया जाएगा।

सोनोवाल ने कहा कि 2030 तक इसे नौ लाख से अधिक यात्रियों को संभालने में सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल होंगे।

मंत्री के अनुसार, सात अरब डॉलर से अधिक के बाजार आकार वाले भारत के लिए क्रूज पर्यटन बहुत बड़ा अवसर प्रदान करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)