देश की खबरें | असम से काम का झांसा दे लाई युवती को 25 हजार रुपये में बेचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम से काम दिलाने का झांसा देकर लाई गई युवती को 25 हजार रुपये में बेचने तथा जबरन शादी कराने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जींद (हरियाणा), 19 जुलाई असम से काम दिलाने का झांसा देकर लाई गई युवती को 25 हजार रुपये में बेचने तथा जबरन शादी कराने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
असम के डिब्रूगढ़ जिला की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी पहचान अपने जिले की रहने वाली लक्ष्मी से हुई, जिसका विवाह जींद में रहने वाले बलजीत से हुआ है।
पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी उसे काम दिलाने का झांसा देकर जींद लेकर आयी और कुछ दिन अपने पास रखने के बाद 25 हजार रुपये में उसे शिवपुरी कालोनी निवासी हरि निवास की पत्नी कविता को बेच दिया।
तहरीर के अनुसार, तीन जून को कविता ने जबरन उसकी शादी संदीप उर्फ काला से करवा दी। किसी तरह वह वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गई ओर पुलिस को शिकायत दी।
शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर लक्ष्मी, कविता, संदीप के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना के जांच अधिकारी दीपक ने बुधवार को बताया कि महिला ने तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी। जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)