अभी तक 19 विशेष ट्रेनें 22 हजार श्रमिकों को लेकर उत्तर प्रदेश आयी: अवस्थी
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश अवस्थी ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में विभिन्न राज्यों से 19 ट्रेनें लगभग 22 हजार प्रवासी कामगारों एवं श्रमिकों को लेकर आ चुकी हैं तथा आज से कल तक सात और ट्रेनें आने की सम्भावना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों से 41 और ट्रेनें चलने पर सहमति हो चुकी है। गुजरात से 13 ट्रेनें आ चुकी हैं, जबकि महाराष्ट्र से चार ट्रेनें आ चुकी हैं और सात ट्रेनें और आ रही हैं।
लखनऊ, छह मई कोरोना वायरस के प्रसार पर रोक के लिए लागू लॉकडाउन में फंसे श्रमिकों और कामगारों को प्रदेश में वापस लाने का काम बहुत तेजी से चल रहा है और अब तक 19 ट्रेनें प्रदेश में करीब 22 हजार मजदूरों को लेकर वापस आ चुकी हैं। यह जानकारी राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश अवस्थी ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में विभिन्न राज्यों से 19 ट्रेनें लगभग 22 हजार प्रवासी कामगारों एवं श्रमिकों को लेकर आ चुकी हैं तथा आज से कल तक सात और ट्रेनें आने की सम्भावना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों से 41 और ट्रेनें चलने पर सहमति हो चुकी है। गुजरात से 13 ट्रेनें आ चुकी हैं, जबकि महाराष्ट्र से चार ट्रेनें आ चुकी हैं और सात ट्रेनें और आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि केरल राज्य से ट्रेन के संचालन पर सहमति हो गई है। पंजाब राज्य से प्रदेश के प्रवासी श्रमिकों को लेकर नौ ट्रेन आने की सहमति हुई है जिसमें चार ट्रेन जालंधर एवं लुधियाना से चल चुकी हैं। कर्नाटक से पहली ट्रेन बेंगलुरू से संचालित हो चुकी है। तेलंगाना राज्य से दो ट्रेन प्रवासी श्रमिकों को लेकर चल चुकी हैं। उड़ीसा, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखण्ड से ट्रेन के संचालन के लिए निरन्तर बातचीत चल रही है।
अवस्थी ने बताया कि हरियाणा राज्य से 30 हजार कामगार रोडवेज बसों द्वारा और लाये जा रहे हैं। राजस्थान से लगभग 10 हजार श्रमिकों का आदान-प्रदान रोडवेज बस के माध्यम से किया जा रहा है।
उधर गुजरात के राजकोट से 1250 प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन बुधवार सुबह बलिया रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने के बाद सभी को मेडिकल जांच के बाद रोडवेज की बसों से उनके गन्तव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।
उधर लखनऊ में भी गुजरात के आनंद से एक विशेष ट्रेन बुधवार सुबह 1262 श्रमिकों को लेकर पहुंची जहां से 50 बसों में उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। बाद में दोपहर बाद गुजरात के ही विरंगम से एक ट्रेन लखनऊ पहुंची, इस ट्रेन से 1300 श्रमिक वाापस लौटे। वहीं गोरखपुर भी सूरत से 1000 श्रमिकों को लेकर एक ट्रेन दोपहर बाद पहुंची
बलिया के जिलाधिकारी हरि प्रताप शाही ने बताया कि गुजरात के राजकोट से 1250 लोगों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन आज सुबह बलिया रेलवे स्टेशन पहुंच गई। उन्होंने बताया कि इनमें तकरीबन साढ़े छह सौ श्रमिक बलिया जिले के तथा शेष श्रमिक पड़ोसी मऊ, देवरिया, आजमगढ़, गाजीपुर के साथ ही फतेहपुर व कानपुर के थे। उन्होंने बताया कि बलिया पहुँचने के बाद सभी श्रमिकों की मेडिकल जांच करायी गयी तथा इसके बाद उनको राज्य सड़क परिवहन निगम की 50 बसों से उनके गन्तव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सभी को 21 दिनों तक घर पर पृथकवास में रहने की हिदायत दी गई है। मेडिकल जांच में जिस श्रमिक में कोई लक्षण मिलेगा, उसको पृथक इकाई में रखा जायेगा ।
रोडवेज बसों में बैठ रहे मजदूरों ने पत्रकारों को बताया कि उनसे राजकोट से ट्रेन में यात्रा करने के लिए कोई किराया नहीं लिया गया। जिले के बांसडीह इलाके के रहने वाले राजेश ने बताया कि राजकोट से चलने के बाद जयपुर में ही खाने का पैकेट व पीने का पानी उपलब्ध करा दिया गया था।
बलिया स्टेशन पर भी सबके लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। राजपुर ग्राम के दुर्गेश चौहान, मऊ के हलधरपुर इलाके के मनोज कुमार चौहान ने भी स्वीकार किया कि रेलवे ने यात्रा को लेकर उनसे कोई किराया वसूल नहीं किया है।
उधर लखनऊ में उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक राजशेखर ने बुधवार को एक बयान में बताया कि सुबह साढे आठ बजे 1262 प्रवासी श्रमिकों को लेकर ट्रेन लखनऊ पहुंची। जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराकर उन्हें भोजन और पानी देकर पचास सरकारी बसों से उनके गंतव्य जिलों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन में आने वाले अधिकतर यात्री गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फर्रूखाबाद, कासगंज, जौनपुर, हाथरस, जालौन और हरदोई के थे। इन सबको 50 बसों के सहारे उनके जिलों में पहुंचाया गया।
राजशेखर ने बताया कि दोपहर बाद करीब एक बजे गुजरात के विरंगम से एक श्रमिक ट्रेन लखनऊ पहुंची जिसमें 1300 श्रमिक सवार थे। इन सभी को स्वास्थ्य जांच के बाद भोजन पानी देकर 49 सरकारी बसों से इनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन से आने वाले श्रमिकों को उनके गृह जनपद गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फर्रूखाबाद, जौनपुर, बलिया, जालौन और हरदोई जिलों में भेजा गया।
गोरखपुर से प्राप्त खबर के अनुसार करीब एक 1000 प्रवासी मजदूरों को लेकर एक विशेष ट्रेन बुधवार दोपहर बाद यहां पहुंची।
एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया, ‘‘बुधवार दोपहर बाद सूरत से एक विशेष ट्रेन गोरखपुर पहुंची। इन सभी को स्वास्थ्य जांच करने के बाद बस में बैठाया गया।’’
उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डी वी सिंह ने बताया कि गुजरात से आये इन श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिये 110 सरकारी बसों की व्यवस्था की गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 07:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

