देश की खबरें | कश्मीर में हुई बर्फबारी, बारिश का भी पूर्वानुमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कश्मीर में बृहस्पतिवार को फिर से बर्फबारी हुई और घाटी के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान किया गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 16 जनवरी कश्मीर में बृहस्पतिवार को फिर से बर्फबारी हुई और घाटी के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान किया गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
पहलगाम और सोनमर्ग के पर्यटन स्थल, जोजिला, बडगाम के ऊपरी इलाके, गुरेज, बांदीपोरा, गांदेरबल और अन्य स्थानों पर तड़के बर्फबारी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, पुलवामा और बारामूला के मैदानी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में हल्की बर्फबारी हुई है।
मौसम विभाग ने दिनभर कश्मीर में बादल छाये रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने का पूर्वानुमान किया है। विभाग ने कहा कि सप्ताहांत में ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि 20 और 21 जनवरी को छिटपुट इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि 22 और 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी होने का पूर्वानुमान किया गया है।
इस बीच, आसमान में बादल छाए रहने के कारण कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ हद तक राहत मिली।
श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे से अधिक था।
‘स्कीइंग’ के लिए प्रसिद्ध उत्तरी कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बीती रात यह शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे, पंपोर शहर के कोनीबल में शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (सर्वाधिक ठंड की अवधि) की चपेट में है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था।
‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिनों की अवधि के दौरान बर्फबारी की सबसे अधिक संभावना होती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 03:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

