नयी दिल्ली, 25 अगस्त केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अमेठी में पोल्ट्री फीड प्लांट और हैचरी इकाई का उद्घाटन किया। इस संयंत्र के लिए आईबी ग्रुप ने 160 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
वर्ष 1985 में स्थापित, छत्तीसगढ़ स्थित आईबी ग्रुप की हैचरी, ब्रॉयलर और लेयर ब्रीडिंग, आनुवंशिक अनुसंधान और पोल्ट्री रोगों के निदान, पशुधन चारा (मुर्गा, मछली और झींगा), सोयाबीन अर्क, खाद्य तेल और चिकन प्रसंस्करण क्षेत्र में मौजूदगी है।
कंपनी ने वित्तवर्ष 2022 में 7,782 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
आईबी ग्रुप ने एक बयान में कहा कि 12 एकड़ में फैला संयंत्र, उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जगदीशपुर में स्थापित किया गया है। बयान में कहा गया है कि इस संयंत्र की क्षमता प्रति दिन 600 टन मुर्गीदाने (पोल्ट्री चारा) और प्रति दिन 3 लाख ब्रॉयलर चूजों का उत्पादन करने की है।
नए संयंत्र के उद्घाटन के साथ, आईबी ग्रुप के पास अब पांच पोल्ट्री फीड प्लांट हैं, जिनकी कुल क्षमता प्रति दिन 5,800 टन पोल्ट्री फीड का उत्पादन करने की है। इसमें 6 हैचरी भी हैं।
बयान के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, ''मैं आईबी ग्रुप को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा पोल्ट्री फीड प्लांट अमेठी में स्थापित करने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं, जो छत्तीसगढ़ से बहुत दूर है।''
उन्होंने कहा, ‘‘देश की जीडीपी की वृद्धि के लिए पोल्ट्री उद्योग को मजबूत करना जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि यहां के युवा और प्रतिभाशाली किसानों को तकनीकी सहायता मिलने से यह संयंत्र बहुत जल्द अपनी पहचान बनाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY