एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | स्मिथ का शतक, आस्ट्रेलिया के पहली पारी में 338 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी स्टीव स्मिथ के 27वें टेस्ट शतक की मदद से आस्ट्रेलिया ने रविंद्र जडेजा की शानदार गेंदबाजी के बावजूद भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां अपनी पहली पारी में 338 रन बनाये।

खेल की खबरें | स्मिथ का शतक, आस्ट्रेलिया के पहली पारी में 338 रन

सिडनी, आठ जनवरी अनुभवी स्टीव स्मिथ के 27वें टेस्ट शतक की मदद से आस्ट्रेलिया ने रविंद्र जडेजा की शानदार गेंदबाजी के बावजूद भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां अपनी पहली पारी में 338 रन बनाये।

भारत ने इसके जवाब में सहज शुरुआत करके चाय के विश्राम तक बिना किसी नुकसान के 26 रन बनाये थे और वह अभी आस्ट्रेलिया से 312 रन पीछे है। चायकाल के समय शुभमन गिल 14 और रोहित शर्मा 11 रन पर खेल रहे थे।

इससे पहले आस्ट्रेलियाई पारी का आकर्षण स्मिथ के 131 रन रहे जिसके लिये उन्होंने 226 गेंदों का सामना किया तथा 16 चौके लगाये। उनके अलावा मार्नस लाबुशेन (91) और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे विल पुकोवस्की (62) ने उपयोगी योगदान दिया।

स्मिथ और लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिये 100 रन की साझेदारी की। जडेजा ने लाबुशेन को शतक से वंचित किया जिसके बाद आस्ट्रेलिया ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। जडेजा ने 62 रन देकर चार विकेट लिये।

उनके अलावा जसप्रीत बुमराह और अपना पहला टेस्ट खेल रहे नवदीन सैनी ने दो-दो तथा मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया। जडेजा ने बेहतरीन थ्रो पर स्मिथ को रन आउट करके आस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया।

आस्ट्रेलिया ने सुबह दो विकेट पर 166 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा स्मिथ, लाबुशेन और निचले क्रम में मिशेल स्टार्क (24) की सकारात्मक बल्लेबाजी से दूसरे दिन लगभग 51 ओवरों में 172 रन जोड़े।

सिडनी के विकेट से गेंदबाजों को खास मदद नहीं मिल रही है लेकिन जडेजा तथा नयी गेंद लेने के बाद बुमराह और सैनी ने अच्छी गेंदबाजी की।

सुबह के सत्र में दो बार बारिश ने व्यवधान डाला। पहली बार बारिश थमने के बाद जब खेल शुरू हुआ तो आस्ट्रेलिया ने लाबुशेन का विकेट गंवाया जो केवल नौ रन से शतक से चूक गये।

जडेजा की अतिरिक्त उछाल लेती गेंद को उन्होंने कट करने का प्रयास किया लेकिन वह उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में कप्तान अजिंक्य रहाणे के पास गयी जिन्होंने उसे बेहद खूबसूरती से कैच में बदला। लाबुशेन ने 196 गेंदें खेली तथा 11 चौके लगाये।

मैथ्यू वेड (13) ने जडेजा को अपना विकेट इनाम में दिया। उन्होंने सीधी गेंद पर मिडऑन पर हवा में लहराता कैच दिया। वह श्रृंखला में पहले भी इस तरह से अपना विकेट गंवा चुके हैं।

भारत ने 80 ओवर पूरे होते ही नयी गेंद ली। बुमराह ने खूबसूरत गेंद पर कैमरन ग्रीन को (शून्य) पगबाधा आउट किया और फिर टिम पेन (एक) की गिल्लियां बिखेरी। जडेजा ने पैट कमिन्स को आउट किया जिसके बाद स्मिथ ने सैनी की गेंद पर तीन रन लेकर अपना शतक पूरा किया।

यह पिछले छह वर्षों में किसी आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का भारत के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर पहला शतक था। स्मिथ के लिये भी यह पारी महत्वपूर्ण थी क्योंकि पहले दो मैचों में वह केवल 10 रन बना पाये थे। सिडनी में हालांकि उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी रविचंद्रन अश्विन को हावी नहीं होने दिया। भारत के दोनों स्पिनरों ने कुछ शार्ट पिच गेंदें की जिन पर स्मिथ ने अच्छे रन बटोरे।

शतक पूरा करने के बाद स्मथ अधिक आक्रामक होकर खेले जिससे आस्ट्रेलिया 300 रन के पार पहुंचने में सफल रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 08, 2021 10:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).