एम्स ऋषिकेश में नौ दिन में कोरोना वायरस संक्रमण का छठा मामला
संक्रमण का ताजा मामला एम्स में कार्यरत नर्सिंग अधिकारी का है।
ऋषिकेश, तीन मई ऋषिकेश एम्स में रविवार को एक और कोरोना वायरस संक्रमित रोगी मिलने से अस्पताल में इस महामारी से पीड़ितों का ग्राफ और बढ़ गया है। एम्स में पिछले नौ दिन में कोरोना वायरस संक्रमण का यह छठा मामला है ।
संक्रमण का ताजा मामला एम्स में कार्यरत नर्सिंग अधिकारी का है।
एम्स ऋषिकेश में कोविड-19 मामलों के नोडल अधिकारी मधुर उनियाल ने बताया कि 29 वर्षीय स्टाफ नर्स आईसीयू मेडिसिन में तैनात थीं और एक मई को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वाली उस मरीज के परोक्ष संपर्क में आई थीं जिसके कई अंगों ने मस्तिष्काघात के बाद काम करना बंद कर दिया था।
इस बीच, ऋषिकेश में तैनात प्रशिक्षु आईएएस व अतिरिक्त उपजिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने बताया कि संक्रमण से बचाव, रोकथाम तथा निगरानी के लिए वीरभद्र मार्ग स्थित आवास विकास क्षेत्र की उस गली को सील कर दिया गया है जहां कोरोना वायरस संक्रमित नर्सिंग अधिकारी किराए पर रह रही थीं।
उन्हें 30 अप्रैल को कोरोना वायरस के लक्षण उभरे थे। अभी तक घर में पृथक रूप से रह रहीं नर्सिंग अधिकारी को संक्रमण की पुष्टि होने के बाद एम्स के पृथक-वास केंद्र में भेजा गया है।
वह पिछले 28 दिन में ऋषिकेश से बाहर नहीं गयीं। उनकी मेडिसिन आईसीयू में 15 अप्रैल से ड्यूटी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 03:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

