एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सिवान और सारण जिलों में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत, 14 अन्य अस्पताल में भर्ती

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के सिवान और सारण जिलों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि चौदह अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देश की खबरें | सिवान और सारण जिलों में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत, 14 अन्य अस्पताल में भर्ती

सिवान/छपरा, 16 अक्टूबर बिहार के सिवान और सारण जिलों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि चौदह अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिवान के जिलाधिकारी (डीएम) मुकुल कुमार गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया, "बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे सूचना मिली कि मगहर और औरिया पंचायतों में रहस्यमय परिस्थितियों में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों की एक टीम तुरंत मौके पर भेजी गई, जिसने इलाके के 12 और लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।"

उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डीएम ने कहा कि घटना का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पीड़ितों ने कल रात जहरीली शराब पी थी, जिसके बाद वे बीमार पड़ गए।

अप्रैल 2016 में नीतीश कुमार सरकार ने बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया था।

डीएम ने कहा, "जिला प्रशासन ने घटना की तफ्तीश के लिए एक उच्च स्तरीय जांच टीम का गठन किया है...बिहार के मद्य निषेध और उत्पाद शुल्क विभाग के अधिकारियों की एक टीम भी घटना की जांच करने आ रही है।"

इस बीच, जिला प्रशासन ने घटना के बाद मगहर और औरिया पंचायतों के दो चौकीदारों को निलंबित कर दिया है।

डीएम ने कहा, "स्थानीय थानों के अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।"

इसी तरह की एक और घटना में, बुधवार को सारण जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सारण के डीएम अमन समीर ने ‘पीटीआई-’ से कहा, "यह घटना सारण जिले के मशरख थाना अंतर्गत इब्राहिमपुर इलाके में हुई। संदिग्ध शराब से हुई मौत के संबंध में प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस बुधवार सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2024 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).