देश की खबरें | दंतेवाड़ा में छह नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पांच इनामी नक्सलियों समेत छह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
दंतेवाड़ा, 19 फरवरी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पांच इनामी नक्सलियों समेत छह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर छह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। ये नक्सली कटेकल्याण एरिया कमेटी की सदस्य कुमारी जोगी कवासी (35 वर्ष), इन्द्रावती एरिया कमेटी में कार्यरत प्लाटून नम्बर 16 का सदस्य कमलू उर्फ संतोष पोडियाम (25 वर्ष), माड़ डिवीजन टेलर टीम सदस्या पायके कोवासी (22 वर्ष), कटेकल्याण एरिया कमेटी में कार्यरत प्लाटून नम्बर 26 की सदस्य भुमे उईके (28 वर्ष), कुंजेरास पंचायत सीएनएम सदस्या पाण्डे कवासी (20 वर्ष) और मलांगेर एरिया सप्लाई टीम सदस्य लिंगा राम उईके (36 वर्ष) हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली जोगी कवासी के सर पर पांच लाख रूपए, संतोष के सर पर तीन लाख रूपए, पायके कोवासी के सर पर तीन लाख रूपए, भुमे उइके के सर पर दो लाख रूपए और लिंगा राम के सर पर दो लाख रूपए का इनाम है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर तथा माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई अपराध दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 82 ईनामी नक्सलियों सहित कुल 316 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 10 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लोन वर्राटू अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के गांवों में स्थित ग्राम पंचायतों, पुलिस थानों और पुलिस शिविर के करीब सक्रिय माओवादियों के नाम चस्पां कर उनसे आत्मसमर्पण करने का अनुरोध किया जा रहा है।
सं संजीव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)