देश की खबरें | गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों के लिए कांग्रेस के छह और सदस्य निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को छह और सदस्यों को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद, 24 जनवरी गुजरात में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को छह और सदस्यों को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक निलंबित किए गए सदस्यों में पार्टी की जूनागढ़ इकाई के अध्यक्ष और एक महिला पदाधिकारी भी शामिल है।
कांग्रेस की गुजरात इकाई की अनुशासनात्मक समिति द्वारा प्राप्त शिकायतों के बाद पिछले सप्ताह 38 पार्टी सदस्यों को इसी आधार पर निलंबित कर दिया गया था।
सूत्रों ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सेवादल की महिला मुख्य आयोजक प्रगति अहीर और जूनागढ़ शहर इकाई के अध्यक्ष अमित पटेल पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित किए गए लोगों में शामिल हैं।
अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करने वाले अन्य लोगों में कांग्रेस सदस्य खुमानसिंह परमार, राजू सोलंकी और रावण परमार शामिल हैं।
समिति के संयोजक ने पहले संवाददाताओं को बताया कि उन्हें 95 कांग्रेस सदस्यों के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 71 शिकायतें मिली थीं।
सूत्रों ने कहा कि उनमें से कुछ को चेतावनी दी गई और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 182 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 156 सीट पर जीत हासिल की थी जबकि कांग्रेस को केवल 17 सीट ही मिली थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)