Rajya Sabha Elections 2024: राज्यसभा चुनाव में 'क्रॉस वोटिंग' करने वाले छह कांग्रेस विधायक पंचकूला से अज्ञात स्थान के लिए रवाना
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को वोट देने वाले कांग्रेस के छह विधायक बुधवार को एक हेलिकॉप्टर में सवार होकर हरियाणा से अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गए.
पंचकूला, 28 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को वोट देने वाले कांग्रेस के छह विधायक बुधवार को एक हेलिकॉप्टर में सवार होकर हरियाणा से अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गए. सूत्रों के मुताबिक, राजिंदर राणा और रवि ठाकुर समेत सभी विधायक कल रात यहां एक होटल में रुके और बुधवार सुबह पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम से हेलीकॉप्टर में सवार होकर रवाना हुए.
राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद ये विधायक मंगलवार को शिमला से हरियाणा पहुंचे थे. माना जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर संकट के संकेतों के बीच ये विधायक भाजपा के संपर्क में हैं. खबरों के मुताबिक, 'क्रॉस वोटिंग' करने वाले ये विधायक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली से 'निराश' हैं और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं. ठाकुर ने मंगलवार को सुक्खू के उन दावों को खारिज कर दिया, जिसमें पार्टी के कुछ विधायकों को 'अगवा' किये जाने की बात कही जा रही थी. ठाकुर ने पंचकूला की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि वह 'कहीं भी जा सकते हैं'. यह भी पढ़ें : Guddu Jamali Resigns from BSP: बसपा छोड़ सपा में शामिल हुए गुड्डू जमाली, अखिलेश ने किया स्वागत
सुक्खू ने शिमला में आरोप लगाया था कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और हरियाणा पुलिस 'पांच से छह' कांग्रेस विधायकों को 'अगवा' कर अपने साथ ले गई. पंचकूला में एक गेस्ट हाउस के बाहर मंगलवार शाम को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा था, ''हम घूमने आए हैं. यह मेरा निजी समय है, इसलिए मैं कहीं भी जा सकता हूं.'' हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू के विधायकों को 'अगवा' किये जाने के दावे के बारे में पूछे जाने पर लाहौल एवं स्पीति के विधायक ने कहा, 'ऐसा नहीं है.'
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2024 12:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

