देश की खबरें | एसआईटी करेगी अंडमान-निकोबार में वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार मामले की जांच
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 21 वर्षीय युवती द्वारा पूर्व मुख्य सचिव सहित विभिन्न अधिकारियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाए जाने के बाद मामले की पड़ताल विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंपी गयी है।
पोर्ट ब्लेयर/नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 21 वर्षीय युवती द्वारा पूर्व मुख्य सचिव सहित विभिन्न अधिकारियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाए जाने के बाद मामले की पड़ताल विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंपी गयी है।
आरोप है कि सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को मुख्य सचिव के घर बुलाया गया और वहां अधिकारियों ने उसके साथ बलात्कार किया।
पोर्ट ब्लेयर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में युवती से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया।
अदालत ने युवती की शिकायत पर संज्ञान लिया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी व तत्कालीन मुख्य सचिव जितेन्द्र नारायण, श्रम आयुक्त आर. एल. ऋषि ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया है और एक पुलिस अधिकारी तथा एक होटल के मालिक ने इस अपराध में उनका साथ दिया है। अदालत ने 30 अगस्त को इस मामले में जांच का आदेश भी दिया।
अबरदीन थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) नारायण के खिलाफ मामले की जांच कर रहा है। नारायण फिलहाल दिल्ली वित्त आयोग में अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक के पद पर हैं।
युवती का आरोप है कि वह नौकरी के लिए दोनों अधिकारियों से मिलने गई थी, लेकिन उसके साथ‘सामूहिक बलात्कार’ किया गया।
युवती ने कहा कि चूंकि उसके पिता और सौतेली मां उसकी आर्थिक जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहे थे, इसलिए उसे नौकरी की जरूरत थी और कुछ लोगों ने इसी सिलसिले में उसे श्रम आयुक्त से मिलवाया, क्योंकि वह तत्कालीन मुख्य सचिव के करीबी थे।
युवती ने दावा किया है कि मुख्य सचिव ने द्वीप में बिना किसी ‘औपचारिक साक्षात्कार’ के सिर्फ ‘सिफारिश के आधार पर 7,800 लोगों’ को नियुक्ति दी है।
संपर्क करने पर नारायण ने पीटीआई/ से कहा कि मामला विचाराधीन है और वह इसपर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)