एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | ही बिंग जियाओ के खिलाफ हार के साथ सिंधू महिला एकल से बाहर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारत की पीवी सिंधू को पेरिस ओलंपिक की बैडमिंटन महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां चीन की ही बिंग जियाओ के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा जिससे उनका लगातार तीन ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनने का सपना भी टूट गया।

खेल की खबरें | ही बिंग जियाओ के खिलाफ हार के साथ सिंधू महिला एकल से बाहर

पेरिस, एक अगस्त दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारत की पीवी सिंधू को पेरिस ओलंपिक की बैडमिंटन महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां चीन की ही बिंग जियाओ के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा जिससे उनका लगातार तीन ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनने का सपना भी टूट गया।

दसवीं वरीय सिंधू को 56 मिनट चले मुकाबले में चीन की छठी वरीय खिलाड़ी के खिलाफ 19-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

रियो ओलंपिक 2016 की रजत और तोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता सिंधू की बिंग जियाओ के खिलाफ 21 मैच में 12वीं हार है।

बिंग जियाओ ने इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक के मुकाबले में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। सिंधू ने तोक्यो ओलंपिक 2020 के कांस्य पदक के मुकाबले में एक अगस्त को ही बिंग जियाओ को हराकर कांस्य पदक जीता था।

मुकाबले में सिंधू की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्हें कुछ सहज गलतियां की जबकि बिंग जियाओ ने कुछ सटीक स्मैश लगाए जिससे चीन की खिलाड़ी 5-1 की बढ़त बनाने में सफल रही।

सिंधू को कोर्ट पर मूवमेंट में दिक्कत हो रही थी और उन्होंने कुछ शॉट बाहर मारकर चीन की खिलाड़ी को 7-2 की बढ़त बनाने का मौका दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद कुछ अच्छे अंक जुटाकर वापसी की कोशिश की लेकिन बिंग जियाओ ब्रेक तक 11-8 से आगे रहीं।

सिंधू ने चीन की खिलाड़ी पर दबाव बनाया। उन्हें किस्मत का भी फायदा मिला जब तीन बेहद करीबी अंक उनके पक्ष में गए जिससे सिंधू 12-12 पर बराबरी हासिल करने में सफल रहीं।

चीन की खिलाड़ी ने भी दबाव में कुछ गलतियां की लेकिन फिर लगातार तीन अंक के साथ 17-14 की बढ़त बनाई।

बिंग जियाओ ने सिंधू के शरीर पर स्मैश के साथ 19-17 की बढ़त बनाई। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक के साथ स्कोर 19-19 किया।

चीन की खिलाड़ी ने लाइन पर शॉट मारकर एक गेम प्वाइंट हासिल किया और फिर लंबी रैली के बाद क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ पहला गेम 30 मिनट में 21-19 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भी बिंग जियाओ ने अपने स्मैश से सिंधू को परेशान किया और लगातार छह अंक के साथ 8-2 की बढ़त बनाने में सफल रहीं।

सिंधू ने लगातार तीन अंक के साथ स्कोर 5-8 किया लेकिन बिंग जियाओ ने लगातार पांच अंक के साथ 13-5 की मजबूत बढ़त बना ली।

सिंधू ने बीच में कुछ शॉट बाहर मारे जिससे चीन की खिलाड़ी ने स्कोर 16-8 किया।

सिंधू के शॉट बाहर मारने से बिंग जियाओ ने बढ़त 19-11 की। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जुटाए लेकिन फिर बिंग जियाओ ने कोर्ट के आखिरी हिस्से में शॉट खेलकर सात मैच प्वाइंट हासिल किए। सिंधू ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन फिर शॉट बाहर मारकर गेम और मैच बिंग जियाओ की झोली में डाल दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2024 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).