एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | चांदी 5,000 रुपये की छलांग के साथ 1.15 लाख रुपये के नए शिखर पर, सोना भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी शुल्क धमकियों को लेकर अनिश्चितताओं के बीच डॉलर की कमजोरी के बाद निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 5,000 रुपये के जोरदार उछाल के साथ 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गईं।

जरुरी जानकारी | चांदी 5,000 रुपये की छलांग के साथ 1.15 लाख रुपये के नए शिखर पर, सोना भी मजबूत

नयी दिल्ली, 14 जुलाई अमेरिकी शुल्क धमकियों को लेकर अनिश्चितताओं के बीच डॉलर की कमजोरी के बाद निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 5,000 रुपये के जोरदार उछाल के साथ 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गईं।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। शनिवार को चांदी 4,500 रुपये बढ़कर 1,10,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंची थी।

संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200-200 रुपये बढ़कर क्रमशः 99,570 रुपये और 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘चांदी की कीमतें बढ़कर घरेलू बाजार में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी लगभग 14 साल के उच्चतम स्तर पर है। यह तेजी सोने के विकल्पों के प्रति निवेशकों की रुचि में बदलाव के कारण है।’’

इसके अलावा, जिंस एक्सचेंज में चांदी वायदा 2,135 रुपये या 1.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,15,136 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया।

इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अगस्त डिलिवरी वाले सबसे अधिक कारोबार वाला सोने का अनुबंध 518 रुपये या 0.53 प्रतिशत बढ़कर 98,336 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘वैश्विक शुल्क को लेकर तनाव के नए सिरे से बढ़ने से सोने की कीमतों में सकारात्मक रुख देखा गया। अमेरिका द्वारा यूरोपीय संघ, कनाडा और मेक्सिको सहित व्यापारिक साझेदारों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने और डॉलर इंडेक्स में व्यापक कमजोरी के कारण सोना एक पसंदीदा सुरक्षित निवेश गंतव्य बन गया है।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर चांदी 1.71 प्रतिशत बढ़कर 39.02 डॉलर प्रति औंस हो गई।

वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना मामूली बढ़कर 3,371.14 डॉलर प्रति औंस हो गया।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में उपाध्यक्ष, ईबीजी (जिंस और मुद्रा) प्रणव मेर ने कहा, ‘‘बढ़ती शुल्क संबंधी अनिश्चितता, रूस-यूक्रेन युद्ध के बढ़ने की संभावना और ईटीएफ निवेशकों व केंद्रीय बैंकों की विविधीकरण की बढ़ती मांग के कारण सोने में फिर से तेजी आई है और कीमतें अपने सर्वकालिक उच्चस्तर की ओर बढ़ने के लिए तैयार हैं।’’

मेर ने कहा कि सप्ताह के दौरान बाजार प्रतिभागी अमेरिका, ब्रिटेन/यूरो क्षेत्र सहित प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले मुद्रास्फीति के आंकड़ों, खुदरा बिक्री और अमेरिका से उपभोक्ता धारणाओं पर बारीकी से नजर रखेंगे, जिससे सर्राफा कीमतों को और दिशा मिलेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 06:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).