बेलगावी (कर्नाटक), चार दिसंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विधानसभा अध्यक्ष को लेकर की गई कथित टिप्पणी के लिए मंत्री ज़मीर अहमद खान का बचाव करते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने जानबूझकर बयान नहीं दिया था।
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खान का इस्तीफा मांग रही है। भवन, वक्फ और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री खान ने तेलंगाना में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि कांग्रेस को मिले मौके की वजह से भाजपा के नेता कर्नाटक में मुस्लिम विधानसभा अध्यक्ष के आगे झुकते हैं।
सिद्धरमैया से भाजपा द्वारा खान के इस्तीफे की मांग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "क्यों...उन्होंने जानबूझकर कोई बयान नहीं दिया है।"
भाजपा ने कहा है कि वह इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी और खान का इस्तीफा मांगेगी।
विधानसभा अध्यक्ष के बारे में खान के बयान पर निशाना साधते हुए, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने हाल में कहा था, उनका बयान लोकतंत्र विरोधी, संविधान विरोधी और दलित विरोधी है और उसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, सिद्धरमैया ने कहा, "हम तेलंगाना में जीते, तीन अन्य राज्यों में हम हार गए। लोगों का निर्णय अंतिम है। हम हार से सबक सीखेंगे।।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY